गोगी गैंग के शूटर मोहित और सुमित ढेर, राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया ने दी थी सुपारी

शामली पुलिस ने हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल 50-50 हजार के इनामी दो शार्प शूटरों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है।

हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. शामली पुलिस ने सोमवार सुबह मुठभेड़ में दो आरोपी शार्प शूटरों को मार गिराया. दोनों की पहचान सोनीपत के मोहित और सुमित के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था. मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.

पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे सदर कोतवाली क्षेत्र के औद्योगिक इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई. कार्रवाई में थाना कोतवाली शामली, थाना झिंझाना और स्वाट टीम शामिल थी. पुलिस का कहना है कि बदमाशों ने जवाबी फायरिंग की, जिसके बाद आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में दोनों गोली लगने से घायल हो गए. दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल शामली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बदमाशों की गोलीबारी में स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप घायल हुए हैं. पुलिस की गाड़ी पर भी गोलियां लगीं.

कौन थे मोहित और सुमित?

मोहित की उम्र करीब 22 साल थी. पुलिस के अनुसार वह सोनीपत के बईयापुर खुर्द का रहने वाला था और मूल रूप से जटवाड़ा गांव का निवासी था. उसके खिलाफ हरियाणा में करीब 14 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस को मिली है.

वहीं, करीब 24 वर्षीय सुमित सोनीपत के कुंडली क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहता था. उसका मूल पता ककरौही गांव बताया गया है. पुलिस के मुताबिक, सुमित के खिलाफ हरियाणा में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिली है. दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है.

पुलिस के अनुसार, दोनों शूटरों का संबंध कुख्यात गोगी गैंग से बताया जा रहा है. अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी. दोनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था. एनकाउंटर के बाद पुलिस ने मौके से हथियार और अन्य सामान बरामद किया है.

मौके से हथियार और कैश बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल, 30 बोर के 10 जिंदा और 9 खोखा कारतूस, एक अन्य पिस्टल, 16 जिंदा और 6 खोखा कारतूस, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, बैग, मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये की नकदी बरामद की है. पुलिस अब बरामद सामान को अंकित हत्याकांड से जोड़कर जांच कर रही है.

26 अगस्त को हुई थी अंकित की हत्या

हरियाणवी गायक अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम करीब 6:45 बजे शामली के आर्यपुरी इलाके में हत्या कर दी गई थी. अंकित जिम से बाहर निकले थे, तभी चार हमलावरों ने उन पर गोलियां बरसा दी थीं. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था.

‘गाना बनाकर बदनाम करने की कोशिश…’ एसपी ने क्या बताया?

पुलिस जांच में अब हत्या के पीछे कथित सुपारी का एंगल सामने आया है. शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया ने अंकित की हत्या की सुपारी दी थी. गोगी गैंग के सरगना की दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में गोली मारकर हत्या के बाद अंकित ने इस घटना को लेकर एक गाना ‘भरी कोर्ट में गोली मारेंगे, जज के आएंगे पसीने…’ बनाया था. दरअसल, गोगी गैंग के मुखिया जितेंद्र गोगी की 24 सितंबर 2021 को रोहिणी कोर्ट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.

दावा है कि इसी गाने को लेकर भोलू शाहपुरिया अंकित से नाराज था और उसने कथित तौर पर उनकी हत्या की साजिश रची. भोलू शाहपुरिया को लगता था कि अंकित ने ऐसा गाना बनाकर गोगी गैंग के मुखिया जितेंद्र गोगी को बदनाम करने की कोशिश की. इसी सिलसिले में मोहित और सुमित को सुपारी देकर हत्या की जिम्मेदारी सौंपे जाने की बात सामने आई है. हालांकि, इस पूरे दावे की पुलिस जांच कर रही है और हत्या की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है.

दोनों संदिग्ध शूटरों के एनकाउंटर के बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अंकित की हत्या की पूरी साजिश कैसे रची गई. सुपारी की रकम किसके जरिए पहुंची, शूटर्स को अंकित की लोकेशन की जानकारी किसने दी और वारदात में शामिल बाकी लोगों की क्या भूमिका थी, इन सवालों के जवाब तलाशे जा रहे हैं. पुलिस बरामद मोबाइल और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.