नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ अभियान तेज, 1700 से अधिक लाइसेंस सस्पेंड की सिफारिश

गुड़गांव में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक। ब्लैक स्पॉट सुधार, स्कूल बस जांच और ओवरलोडिंग पर हुई चर्चा।

गुड़गांव : जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक बैठक बुधवार को लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में एडीसी सोनू भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट में सुधार, स्कूलों के आसपास सुरक्षित यातायात व्यवस्था, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तथा सड़क आधारभूत ढांचे से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।

एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दुर्घटना संभावित स्थान की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा कम समय में अधिक प्रभाव देने वाले सुरक्षा उपायों को प्राथमिकता से लागू किया जाए। उन्होंने स्कूल जाने वाले बच्चों और पैदल यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने, लंबित सड़क सुरक्षा कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने तथा किए गए कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

स्कूल बसों की सुरक्षा जांच में 838 बसों का निरीक्षण

जिला परिवहन अधिकारी एवं क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव संजीव सिंगला ने जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल बसों की सुरक्षा जांच की समीक्षा के दौरान 22 जुलाई 2026 तक जिले में 838 स्कूल बसों का निरीक्षण किया गया तथा नियमों के उल्लंघन पर 62 चालान किए गए। बसों में सीसीटीवी, आपातकालीन द्वार, जीपीएस, प्राथमिक उपचार किट, आवश्यक दस्तावेज, पुलिस सत्यापन सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। स्कूलों के आसपास सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए सड़क सुरक्षा फर्नीचर, रोड मार्किंग, गति नियंत्रक, पैदल पथ और सुरक्षित क्रॉसिंग जैसी सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। भोंडसी स्थित राजकीय विद्यालय के लिए तैयार डिजाइन को एनएचएआई की ओर से स्वीकार किए जाने की जानकारी दी गई।

अनधिकृत कट बंद कर सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

जिला परिवहन अधिकारी एवं क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकरण के सचिव संजीव सिंगला ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में जिले के विभिन्न ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थानों पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। सेक्टर-31, फौजी दा ढाबा, पंचगांव चौक सहित जिले के विभिन्न ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित स्थानों का यातायात पुलिस, तकनीकी विशेषज्ञों, सड़क सुरक्षा अधिकारियों तथा राहगीरी फाउंडेशन की टीम द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान इन स्थानों पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और दुर्घटनाओं की संभावना कम करने के लिए आवश्यक सुधार के सुझाव दिए गए। बैठक में इन सुझावों की समीक्षा करते हुए अनधिकृत कट बंद करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बेहतर सड़क संकेतक, स्पष्ट रोड मार्किंग, गति नियंत्रित करने के उपाय तथा पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित पारपथ जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को निरीक्षण में दिए गए सुझावों के आधार पर आवश्यक कार्य प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।

ला लगून चौराहे पर फुट ओवरब्रिज बनाने की योजना पर चर्चा

गोल्फ कोर्स रोड स्थित ला लगून चौराहे पर भी सड़क सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। यहां वर्ष 2023 से 2025 के दौरान 10 दुर्घटनाएं हुई हैं। पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवरब्रिज के निर्माण की योजना पर चर्चा करते हुए संबंधित एजेंसियों को आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा गया।

‘जीरो फैटेलिटी’ व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर

जिले में ‘जीरो फैटेलिटी’ व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए झाड़सा चौक, एटलस चौक, इफको चौक, सेक्टर-33, खोह मानेसर, पंचगांव चौक, शास्त्री नगर सेक्टर-105 और गोपालपुर सेक्टर-10 सहित अन्य स्थानों पर आवश्यक सुधारों की समीक्षा की गई। सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए कम लागत में प्रभावी परिणाम देने वाले उपायों को प्राथमिकता देने के साथ-साथ आधारभूत ढांचे से जुड़े जरूरी कार्यों को भी समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।

ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई तेज

उन्होंने बताया कि ओवरलोडिंग के मामलों में जुलाई 2026 के दौरान 239 चालान करते हुए 1 करोड़ 36 लाख 43 हजार रुपये की राशि के चालान किए गए, जबकि 1 से 30 अगस्त तक 249 चालान कर 1 करोड़ 47 लाख 5 हजार 500 रुपये की राशि के चालान किए गए।

नशे में वाहन चलाने वालों पर लगातार कार्रवाई 

उन्होंने बताया कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2024 में 26,287, वर्ष 2025 में 26,305 तथा 30 अगस्त 2026 तक 13,703 चालान किए गए और 1755 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की सिफारिश की गई। बैठक में यातायात पुलिस द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों की भी समीक्षा की गई।

गुरुग्राम-सोहना रोड पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए होंगे आवश्यक सुधार

गुरुग्राम-सोहना रोड पर पैदल यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही को बेहतर बनाने के लिए सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न उपायों पर चर्चा की गई। मार्ग पर आवश्यक चेतावनी संकेतक लगाए जा चुके हैं। भूमि की उपलब्धता को देखते हुए मौजूदा स्थान से कुछ आगे पैदल पारपथ बनाने का प्रस्ताव भी है, जिससे लोगों को सड़क पार करने के लिए सुरक्षित सुविधा मिल सकेगी। दुर्घटना संभावित क्षेत्र की पहचान के लिए ‘दुर्घटना संभावित क्षेत्र’ के संकेतक लगाने तथा सड़क पर ‘धीमी गति से चलें’ अंकित करने का सुझाव दिया गया। संबंधित एजेंसी को इन उपायों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा कार्य से पहले और बाद की तस्वीरें साझा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डीसीपी ट्रैफिक प्रतीक गहलोत, एसडीएम गुरुग्राम हितेंद्र कुमार, एसडीएम पटौदी दिनेश लुहाच, एसडीएम मानेसर लोकेश यादव, एसीपी ट्रैफिक सत्यपाल यादव, एडीटीओ हरेंद्र वीर सहित एनएचएआई और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.