पीतल नगरी में ‘नशामुक्त हरियाणा’ थीम पर हाफ मैराथन, सीएम नायब सैनी दिखाएंगे हरी झंडी

रेवाड़ी में 6 सितंबर को 'नशामुक्त हरियाणा-सशक्त हरियाणा' थीम पर हाफ मैराथन। सीएम नायब सैनी करेंगे शिरकत, विजेताओं को मिलेगा इनाम।

रेवाड़ी : पीतल नगरी रेवाड़ी में रविवार, 6 सितंबर को हरियाणा उदय आउटरीच कार्यक्रम के तहत हाफ मैराथन का आयोजन किया जाएगा। ‘नशामुक्त हरियाणा-सशक्त हरियाणा’ थीम पर आयोजित इस मैराथन में बड़ी संख्या में लोग नशे के खिलाफ दौड़ लगाएंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी राव तुलाराम स्टेडियम के एंट्री गेट से हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखाएंगे और स्वयं भी प्रतिभागियों के साथ दौड़ में शामिल होंगे। डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि हाफ मैराथन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रूट की मरम्मत, मंच, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पोस्टर-बैनर, पार्किंग, चिकित्सा सुविधा और साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि हाफ मैराथन में दो श्रेणियां रखी गई हैं। पहली श्रेणी में 10 किलोमीटर रन और दूसरी में 5 किलोमीटर रन फॉर फन होगी। 10 किलोमीटर रन के विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान पर एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर 51 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 21 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। विजेताओं के सम्मान में राव तुलाराम स्टेडियम परिसर में पुरस्कार वितरण समारोह भी आयोजित किया जाएगा।

हाफ मैराथन के दौरान स्टेडियम परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। प्रदेश के लोक कलाकार हरियाणवी कला एवं संस्कृति की प्रस्तुतियां देकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाएंगे। कार्यक्रम में रैप स्टार सत्येन लांबा, नवीन पुनिया सहित अन्य कलाकार प्रस्तुति देंगे। हाफ मैराथन का शुभारंभ राव तुलाराम स्टेडियम के दिल्ली रोड स्थित एंट्री गेट से होगा। इसके बाद धावक अभय सिंह चौक, राजेश पायलेट चौक होते हुए गढ़ी बोलनी रोड पर जाएंगे। जीएलएस स्कूल से यू-टर्न लेकर वापस राव तुलाराम स्टेडियम परिसर में पहुंचेंगे। डीसी अभिषेक मीणा, एसपी हेमेंद्र मीणा और एडीसी राहुल मोदी ने एक्सपो में प्रतिभागियों को मैराथन की किट वितरित की। प्रतिभागी राव तुलाराम स्टेडियम से अपनी किट प्राप्त कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में हाफ मैराथन में भाग लेकर नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.