गोगा मेले के अवसर पर आयोजित कुश्ती दंगल में प्रतीक श्योराण ने जीती 31 हजार की सबसे बड़ी कुश्ती

भिवानी के बहल में गोगा मेले पर आयोजित कुश्ती दंगल। प्रतीक श्योराण ने जीती 31 हजार की मुख्य कुश्ती, महिला पहलवानों ने भी दिखाया दम।

बहल। गोगा मेले के अवसर पर शनिवार देर शाम आयोजित कुश्ती दंगल में चैहड़ कलां के पहलवान प्रतीक श्योराण ने 31 हजार रुपये की सबसे बड़ी कुश्ती जीत ली।

प्रतीक ने सोनीपत के परमजीत को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। दंगल में पुरुष और महिला पहलवानों ने शानदार दांव-पेच दिखाए जबकि हारने वाले पहलवानों को भी प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया।
दंगल की दूसरी बड़ी कुश्ती 21 हजार रुपये की रही। इसमें रोहतक के भोलू और महम के अतुल के बीच मुकाबला हुआ जिसमें अतुल विजेता रहे। 11 हजार रुपये की तीसरी कुश्ती में लेधां के साहिल और रोहतक के विक्की आमने-सामने हुए। दोनों के बीच करीब 30 से 35 मिनट तक जोरदार मुकाबला चला। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे पर कई दांव आजमाए, लेकिन मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों को प्रोत्साहन स्वरूप तीन-तीन हजार रुपये दिए गए।
महिला पहलवानों ने भी दिखाया दम
महिला वर्ग में कंचन हिसार और सुशीला हिसार के बीच 5100 रुपये की कुश्ती हुई जिसमें कंचन विजेता रहीं। प्रिया लेधां और दिशा बिश्नोई के बीच भी रोमांचक मुकाबला हुआ। 11 हजार रुपये की कुश्ती में दादरी की नवीता ने जीत दर्ज की। आयोजकों ने बताया कि दंगल में स्थानीय क्षेत्र के साथ आसपास के गांवों और दूर-दराज के क्षेत्रों से भी पहलवान पहुंचे। ग्राम पंचायत की ओर से छोटी कुश्तियों का आयोजन भी कराया गया। विजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं हारने वाले खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि दी गई, जिससे उनमें उत्साह देखने को मिला। दंगल देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.