करनेरा चौक पर तेज रफ्तार बाइक ने 5वीं की छात्रा को मारी टक्कर, जांघ की हड्डी टूटी

फरीदाबाद के करनेरा चौक पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 5वीं कक्षा की छात्रा गंभीर रूप से घायल। सीसीटीवी फुटेज आया सामने।

फरीदाबाद : फरीदाबाद के करनेरा चौक पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 12 वर्षीय पांचवीं कक्षा की छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में छात्रा की जांघ की हड्डी टूट गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसकी टांग में रॉड डाली। हादसे का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टक्कर के बाद छात्रा सड़क पर दर्द से तड़पती दिखाई दे रही है। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया और घायल बच्ची को अस्पताल पहुंचाने के लिए नहीं रुका। बाद में परिवार के एक परिचित ने मौके पर पहुंचकर छात्रा को अस्पताल पहुंचाया।

30 अगस्त को हुआ हादसा

छात्रा के पिता नितेश कुमार के मुताबिक, हादसा 30 अगस्त को करनेरा बालाजी कॉलोनी में धर्म मेडिकल के पास हुआ। उनकी बेटी वैष्णवी सब्जी लेकर घर लौट रही थी और सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैष्णवी गंभीर रूप से घायल हो गई। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसकी जांघ की हड्डी में फ्रैक्चर बताया और सर्जरी कर रॉड डाली।

CCTV में सड़क पर तड़पती दिखी छात्रा

सामने आए CCTV फुटेज में हादसे के बाद छात्रा सड़क पर गिरी हुई नजर आ रही है। वह दर्द से परेशान होकर तड़पती रही, जबकि बाइक सवार मौके से निकल गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से छात्रा को अस्पताल पहुंचाया गया।

पिता का आरोप- 6 दिन से चौकी के चक्कर

नितेश कुमार का आरोप है कि वह 30 अगस्त के बाद से करीब तीन बार सिकरौना चौकी जा चुके हैं। उनका कहना है कि पुलिस को घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर बाइक सवार की पहचान करनी चाहिए। पिता का आरोप है कि चौकी के हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और मुंशी द्वारा उन्हें अलग-अलग बातें बताकर मामले को टाला जा रहा है। कभी CCTV चेक करने की बात कही जाती है तो कभी उनसे ही बाइक का नंबर पता करके लाने को कहा जाता है। नितेश का कहना है कि बेटी अस्पताल में भर्ती है और परिवार इलाज को लेकर परेशान है। ऐसे में वह खुद बाइक का नंबर तलाशने के लिए इधर-उधर नहीं जा सकते।

पुलिस बोली- अभी तक नहीं मिली लिखित शिकायत

वहीं, सिकरौना चौकी इंचार्ज ने परिवार के आरोपों से अलग पक्ष रखते हुए कहा कि उन्हें अभी तक मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। चौकी इंचार्ज के मुताबिक, परिवार से कहा गया है कि अगर उनके पास बाइक या आरोपी से संबंधित कोई जानकारी है तो पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि आरोपी की पहचान करने में मदद मिल सके।

परिवार के सामने इलाज और रोजमर्रा के खर्च की चुनौती

नितेश कुमार निजी कंपनी में नौकरी करते हैं, जबकि उनकी पत्नी सेक्टर-25 स्थित एक कंपनी में काम करती हैं। उनकी बेटी वैष्णवी पांचवीं कक्षा में पढ़ती है और छोटा बेटा कृष सात साल का है। बेटी के घायल होने के बाद परिवार के सामने उसके इलाज के साथ घर के रोजमर्रा के खर्च की जिम्मेदारी भी बनी हुई है। अब परिवार की मांग है कि CCTV फुटेज के आधार पर बाइक सवार की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.