ट्रैफिक लाइट के पास पुलिस के सामने हुड़दंग, नियमों को ताक पर रखकर जान जोखिम में डालता नजर आया युवक

पंचकूला में कालका-शिमला रोड पर चलती कार पर बैठकर स्टंट करते युवक का वीडियो वायरल। पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल।

पंचकूला : पंचकूला में सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कालका-शिमला रोड से पंचकूला की ओर आती एक गाड़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक चलती गाड़ी के ऊपर बैठ कर अपनी जान जोखिम में डालता नजर आया।

बताया जा रहा है कि यह मामला कालका-शिमला रोड से पंचकूला की ओर आने वाले मार्ग का है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रही गाड़ी पर एक राजनीतिक दल का बैनर लगा हुआ नजर आ रहा है।

युवक जिस तरह चलती गाड़ी पर सवार होकर सड़क पर अपनी जान और दूसरे वाहन चालकों की सुरक्षा को खतरे में डालते दिखाई दे रहा है, उससे ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी नजर आ रही है।

पंचकूला पुलिस की मौजूदगी में भी जारी रही हुड़दंगबाजी…

सबसे गंभीर बात यह है कि जब यह गाड़ी पुराना पंचकूला स्थित ट्रैफिक लाइट के पास से गुजर रहा था, उस समय मौके पर ट्रैफिक पुलिस के अलावा अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। इसके बावजूद युवक खुलेआम गाड़ी के ऊपर बैठकर वहां से गुजरता दिखाई दिया।

वीडियो सामने आने के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या सड़क पर नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले युवक को राजनीतिक बैनर और पहचान का कोई डर नहीं रहा?

साथ ही यह सवाल भी उठ रहा है कि पुलिसकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद इस वाहन के खिलाफ तत्काल कार्रवाई क्यों नहीं की गई।वायरल वीडियो को लेकर पुलिस की कार्रवाई का इंतजार है।  यदि वीडियो की पुष्टि होती है तो यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालक और युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग उठ रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.