अंबाला में पति-पत्नी के खूनी संघर्ष में विवाहिता की हत्या, पुलिस तलाश में जुटी
अंबाला के गुरु नानक नगर में पति ने की पत्नी की चाकू से हमला कर हत्या। आरोपी पति फरार, पुलिस जांच में जुटी।
अंबाला: अंबाला शहर के गुरु नानक नगर इलाके में पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद एक वारदात में बदल गया. आरोप है कि 32 वर्षीय विवाहिता हिना की उसके पति बंटी ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है. वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई.
चरित्र पर शक को लेकर होता था विवाद: परिजनों के अनुसार बंटी अपनी पत्नी हिना के चरित्र पर शक करता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. घटना के दिन भी पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला हिंसक वारदात में बदल गया.
शोर सुनकर कमरे में पहुंचा भाई: मृतका के भाई नन्नू ने बताया कि, “घटना के समय मैं दूसरे कमरे में मौजूद था. दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था. शोर सुनकर मैं कमरे में पहुंचा तो मेरी बहन हिना गंभीर हालत में पड़ी थी और बंटी वहां से जा चुका था. इसके बाद परिवार के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी.”
पुलिस ने जुटाए जरूरी साक्ष्य: इधर, मामले की सूचना मिलते ही बलदेव नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की. पुलिस ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई. मामले को लेकर आसपास के लोगों और परिजनों से भी जानकारी जुटाई जा रही है.
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस: इस बारे में बलदेव नगर थाना के एसएचओ कुलदीप सिंह ने कहा कि, “पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी घटना के बाद से फरार है. उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं और जल्द उसे गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस अब पति-पत्नी के बीच विवाद की वास्तविक वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद वारदात की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम को लेकर अधिक जानकारी सामने आ सकेगी.”