17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे विशेष कार्यक्रम, स्कूलों में प्रतियोगिताएं और नुक्कड़ नाटक
पीएम मोदी के सेवा और नेतृत्व के 25 वर्ष पूरे होने पर हरियाणा में बीजेपी चलाएगी अभियान। सूरजकुंड में होगा महाकुंभ।
चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और नेतृत्व के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाएगी. हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता कर अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने कहा कि, “17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से सेवा, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प को जनता तक पहुंचाया जाएगा.”
मोदी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा पर अभियान: डॉ. अर्चना गुप्ता ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, “7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के प्रति सेवा और त्याग के 25 वर्ष पूरे होंगे. उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक लगातार जनसेवा की है. प्रधानमंत्री मोदी ने देश में विकास की गंगा बहाई है. महिलाओं, युवाओं और किसानों के लिए अभूतपूर्व कार्य किए गए हैं. सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर को कार्यकर्ता और आम लोग अपने-अपने घरों में दीये जलाएंगे. इस दौरान विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे. अभियान के माध्यम से भाजपा सेवा गतिविधियों में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी.”
स्कूलों में होंगी चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं: अभियान के तहत राज्यों को 7 से 10 दिनों की अवधि निर्धारित कर विद्यालयों में प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की सेवा यात्रा और विकसित भारत विषय पर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना है. इस दौरान चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी. बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी और विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा.
नुक्कड़ नाटकों से गांव-गांव पहुंचेगा संदेश: डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि, “17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा स्मरण कार्यक्रम के तहत 25 से 30 मिनट के नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जाएंगे. इनके माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के सेवा कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और देश में आए बदलावों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी.”
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान: 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलने वाले आंगन का मिलन कार्यक्रम के तहत प्रत्येक केंद्र पर तीन दिन विशेष आयोजन होंगे. इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा और माताओं के साथ संवाद किया जाएगा. पोषण, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी सरल भाषा में लोगों तक पहुंचाई जाएगी.
लाभार्थियों की कहानियां बनेंगी डिजिटल सामग्री: वहीं, कहानी बदलाव की कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों के जीवन में आए बदलाव की वास्तविक वीडियो कहानियां जुटाई जाएंगी. प्रत्येक शक्ति केंद्र से कम से कम 10 रील तैयार करने और जिलावार डिजिटल संग्रह बनाने की योजना है.
वडनगर से वाराणसी तक विकास यात्रा का संदेश: अभियान के दौरान वडनगर से वाराणसी कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी की सेवा यात्रा से जुड़े विभिन्न पड़ावों और देश-प्रदेश के परिवर्तनकारी विकास स्थलों की वास्तविक कहानियां जनता तक पहुंचाई जाएंगी. अभियान अवधि में स्थानीय कार्यक्रमों के अनुसार गांवों और जिलों की विभिन्न दिशाओं से सेवा ज्योति यात्राएं निकाली जाएंगी. इन यात्राओं के समापन पर सरकार की उपलब्धियों पर संवाद किया जाएगा और विकसित भारत 2047 के लिए सामूहिक संकल्प लिया जाएगा.
हर नागरिक को सेवा गतिविधियों से जोड़ने का लक्ष्य: सेवा मेरा योगदान कार्यक्रम के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रत्येक नागरिक को 25 निर्धारित सेवा गतिविधियों में से कम से कम एक गतिविधि से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा. भाजपा का लक्ष्य हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर स्पष्ट और स्थायी बदलाव लाना है. सेवा सेतु अभियान के तहत ब्लॉक और विधानसभा स्तर पर सरकार आपके द्वार शिविर आयोजित किए जाएंगे. इन शिविरों में पात्र नागरिकों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन करने में सहायता और एक ही स्थान पर सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है.
मानव रंगोली और इनोवेशन चैलेंज भी होंगे: अभियान के दौरान सेवा रंग कार्यक्रम के तहत प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत विषय पर मानव रंगोली बनाई जाएगी. वहीं, हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज के जरिए युवाओं, विद्यार्थियों, स्टार्टअप और नवाचार करने वालों को अपने समाधान प्रस्तुत करने और विशेषज्ञों से संवाद का अवसर दिया जाएगा.
17 अक्टूबर को जनसेवक महाकुंभ का आयोजन: डॉ. अर्चना गुप्ता ने बताया कि, “17 अक्टूबर 2026 को जनसेवक महाकुंभ आयोजित किया जाएगा. केंद्रीय निर्णय के अनुसार पंचायत से संसद तक करीब 1.25 लाख जनप्रतिनिधियों के समागम की योजना है. कार्यक्रम में 25 वर्षों की सेवा यात्रा, वंदे मातरम्, प्रधानमंत्री का संबोधन और विकसित भारत का संकल्प प्रमुख आकर्षण रहेंगे.”
फरीदाबाद के सूरजकुंड में होगा जन महाकुंभ: नेताओं की ड्यूटी और सांसदों के नामों को लेकर उठे सवालों पर प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि जन महाकुंभ कार्यक्रम फरीदाबाद के सूरजकुंड में आयोजित होना है. इसी कारण हरियाणा की सूची में सांसद के तौर पर केवल कृष्णपाल गुर्जर का नाम शामिल किया गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अन्य सांसदों की जिम्मेदारियां केंद्र स्तर पर निर्धारित की गई हैं.
राव इंद्रजीत से मतभेद की पर बोलीं अर्चना: राव इंद्रजीत सिंह को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि, “राव इंद्रजीत हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं. हमारा बड़ा परिवार है और बड़े परिवार में छोटे-मोटे मतभेद हो जाते हैं. उनसे मेरी बातचीत होती रहती है. यदि जनसेवक महाकुंभ का कार्यक्रम गुरुग्राम में होता है तो हरियाणा की सूची में उनका नाम शामिल हो सकता है.”
पंजाब सरकार पर साधा निशाना: वहीं, पंजाब सरकार के मुद्दे पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि, “पंजाब सरकार ने घोषणाएं करके सरकार तो बना ली, लेकिन एक भी घोषणा पूरी नहीं की. पंजाब सरकार वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है.”
कांग्रेस पर दलित सिख विधायक के अपमान का आरोप: विधानसभा सत्र को लेकर अर्चना गुप्ता ने कहा कि, “भाजपा सरकार सभी का सम्मान करती है. उन्होंने कांग्रेस विधायकों पर एक दलित सिख विधायक का अपमान करने का आरोप लगाया. वे सिखों पर हुए अत्याचार को लेकर कागज लेकर खड़े थे, लेकिन कांग्रेस विधायक ने उनके हाथ से पोस्टर छीन लिया. पार्टी के नेता विभिन्न मंचों पर आपस में ही संघर्ष करते नजर आते हैं.”