Noida Crime News: जमीन कब्जाने का विरोध करने पर दबंगों ने की मारपीट, फेज-3 और फेज-2 थाने में मुकदमे दर्ज
नोएडा के हिंडन डूब क्षेत्र में जमीन कब्जाने का विरोध करने पर भाजपा नेता के भाई के साथ मारपीट। पुलिस जांच में जुटी।
नोएडा के हिंडन डूब क्षेत्र में कॉलोनी के लिए रास्ता तैयार कर रहे लोगों ने मंगलवार दोपहर विरोध करने पर भाजपा नेता के भाई को लात-घूंसों से पीट दिया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। फेज-3 थाने की पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
गढ़ी चौखंडी निवासी सत्यवीर ने पुलिस को बताया कि उनका भाई रामनिवास यादव भाजपा युवा मोर्चा नोएडा महानगर अध्यक्ष है। मंगलवार दोपहर करीब एक बजे उन्हें जानकारी मिली कि कुछ लोग हिंडन किनारे उनकी पुश्तैनी जमीन पर जबरन खोदाई करके अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। सभी लोग जेसीबी मशीन और आठ-दस गाड़ियों से भरकर पहुंचे थे। जानकारी मिलते ही वह जमीन पर पहुंचे और आरोपियों से अवैध कब्जा करने से मना किया तो सभी लोगों ने धमकाना शुरू कर दिया। उनमें से बहलोलपुर निवासी सुमित, नंदु यादव, कृष यादव, पर्थला खंजरपुर निवासी कपिल यादव, पुराना हैबतपुर निवासी अमर यादव और आठ-दस अज्ञात लोगों ने मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि सुमित यादव, कृष यादव और नंदु यादव ने शिकायतकर्ता का गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को एकत्र होते देख आरोपी भागते समय पर परिवार सहित खत्म करने की धमकी देकर गए। वहीं, घटना के संबंध में 28 सेकेंड का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं।
रंजिश में पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला
नोएडा के फेज-2 थाना क्षेत्र के आगरबस्ती गांव में रंजिशन पिता-पुत्र के साथ पड़ोस में रहने वाले तीन युवकों ने मारपीट की। पिता की शिकायत पर पुलिस ने पड़ोस में रहने वाले तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। समशेर ने पुलिस को बताया कि पड़ोसी परिवार से उनका विवाद है। वह 12 मार्च की रात अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में निकलने को लेकर पड़ोस में रहने वाले अजिम, मोसीम और सानीब ने मिलकर विवाद शुरू कर दिया। आरोपियों ने कहासुनी के बाद गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद होता देख उनका बेटा समीर भी वहां आ गया। आरोप है कि आरोपियों ने दोनों पिता-पुत्र के साथ मारपीट की।