Ghaziabad Crime News: भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर को धमकी देने वाला 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर हाजी सलमान राजस्थान से गिरफ्तार

लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर को धमकी देने और मारपीट करने वाला 25 हजार का इनामी हिस्ट्रीशीटर हाजी सलमान राजस्थान से गिरफ्तार।

गाजियाबाद में लोनी से भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर को टांग तोड़ने की धमकी देने और हिंदू रक्षा दल के दो कार्यकर्ताओं से मारपीट करने वाले 25 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर को क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को मंगलवार को राजस्थान से लोनी थाने लाई, शाम को उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।

लोनी के राम विहार निवासी हिंदू रक्षा दल के दो कार्यकर्ता सुमित और मोहित ने 2 सितंबर को हाजी सलमान व शहनवाज समेत 50 लोगों के खिलाफ लोनी थाने में मारपीट, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने, मोबाइल व सोने की चेन लूटने का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि रास्ते से गुजरने के दौरान उन्हें व साथी मोहित को पीटा गया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। सलमान ने सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड कर लोनी विधायक को अपशब्द बोलते हुए टांग तोड़ने की धमकी दी थी। इस मामले में भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी को राजस्थान के बूंदी से जनपद चित्तौड़गढ़ जाते समय बाईपास से गिरफ्तार कर लिया।

लोनी विधायक ने साथ न देने की अपील की

मुकदमा दर्ज होने के बाद फरार आरोपी हाजी सलमान फोन बंद कर बार-बार छिपने का स्थान बदल रहा था। पुलिस के मुताबिक वह अलीगढ़ से होता हुआ राजस्थान पहुंचा था। उसने बताया कि पुलिस से छिपने के लिए सोशल मीडिया फॉलोवर्स और कारोबारी साथियों की सहायता ली थी। आरोपी के इंस्टाग्राम पर 30 लाख और फेसबुक पर 10 लाख से अधिक फॉलोवर्स हैं। वहीं, लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने गाजियाबाद बार एसोसिएशन के पदाधिकारी व सदस्यों से अपील करते हुए कहा कि आरोपी सलमान का साथ न दें।

हिस्ट्रीशीटर बदमाश है आरोपी

पुलिस के मुताबिक, आरोपी हाजी सलमान लोनी थाने का हिस्ट्रीशीटर बदमाश है। आरोपी के खिलाफ लोनी थाना, लोनी बॉर्डर थाना, ट्रॉनिका सिटी थाना, दिल्ली के भजनपुरा थाना में मारपीट, दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में करीब एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, लोनी थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली महिला ने 21 अप्रैल 2022 में सलमान पर दो वर्ष तक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था।

शांति व्यवस्था बनाए रखने की मांग

हंगामे के बाद मंगलवार को लोनी क्षेत्र के निठौरा व रिस्तल गांव में ग्रामीणों ने पंचायत का आयोजन किया। निठोरा गांव में आयोजित पंचायत में ग्रामीणों ने आरोपी द्वारा विधायक को अपशब्द बोलने व धमकी दिए जाने पर नाराजगी जताई। वहीं, रिस्तल गांव में आयोजित पंचायत में ग्रामीणों ने पुलिस से नामजद आरोपी को जल्द गिरफ्तार किए जाने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि लोनी में आपसी सौहार्द को बिगाड़ने के प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

टीला शहबाजपुर में विधायक के प्रति जताया रोष

टीला शहबाजपुर गांव में भाजपा नेता ईश्वर मावी के घर आयोजित पंचायत में ग्रामीणों ने सपा-भाजपा के प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर विधायक के शब्दों के प्रति रोष जताया। ईश्वर मावी ने ग्रामीणों से कहा कि विधायक ने खुलेआम गांव का नाम लेते हुए अपशब्द बोलते हुए अभद्रता की। वहीं, गांव के पूर्व प्रधान ओमी ने पंचायत में लोनी विधायक का साथ देने की बात कही। वहीं, लोनी विधायक नंद किशोर गुर्जर ने कहा कि एआई के जरिये वीडियो से छेड़छाड़ कर उन्हें बदनाम किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.