हरियाणा में कमजोर पड़ा मानसून, भीषण गर्मी और उमस से हाल बेहाल, हिसार सबसे गर्म

हरियाणा में मानसून कमजोर होने से बढ़ी गर्मी और उमस। हिसार में तापमान 38.7 डिग्री दर्ज, जानिए मौसम का ताजा हाल।

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां कमजोर पड़ने के साथ ही गर्मी और उमस का असर लगातार बढ़ रहा है. प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है और यह सामान्य से करीब 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है. हालांकि मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में मानसूनी नम हवाओं के प्रभाव से बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है.

हिसार सबसे गर्म: प्रदेश में हिसार सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा भिवानी में 38.0 डिग्री, चरखी दादरी में 37.9 डिग्री, नारनौल में 37.5 डिग्री और रोहतक में 37.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. तेज धूप और उमस के कारण लोगों को दिनभर गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.

पश्चिमी जिलों में गर्मी और शुष्क मौसम रहेगा:राजस्थान सीमा से सटे पश्चिमी हरियाणा के इलाकों में पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बना रहने की संभावना है. हिसार के साथ सिरसा, फतेहाबाद और जींद समेत आसपास के जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रह सकता है. इन क्षेत्रों में दिन के समय तेज धूप और गर्मी का असर बरकरार रहने के आसार हैं.

उत्तरी-पूर्वी हिस्सों में मानसूनी नम हवाओं का असर: हरियाणा के उत्तरी और पूर्वी इलाकों में मानसूनी नम हवाएं प्रवेश कर सकती हैं. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत और सोनीपत समेत कई जिलों में इसका असर देखने को मिल सकता है. बादलवाई के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश की संभावना जताई गई है.

एनसीआर के जिलों में भी बदल सकता है मौसम: गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल में भी नम हवाओं के पहुंचने से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है. इन जिलों में कहीं-कहीं बादल छाने और हल्की बौछार पड़ने के आसार हैं. हालांकि बारिश व्यापक होने की संभावना कम है और कई इलाकों में उमस बनी रह सकती है.

दिन के साथ रात के तापमान में भी बढ़ोतरी: मानसूनी सुस्ती के कारण केवल दिन का तापमान ही नहीं, बल्कि रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है. गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. वहीं भिवानी में 23.5 डिग्री, महेंद्रगढ़ में 24.1 डिग्री और हिसार में 24.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.

दोपहर बाद कुछ जिलों में बूंदाबांदी की संभावना: मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार दोपहर बाद उत्तरी और पूर्वी हरियाणा के कुछ इलाकों में बादल छाने के साथ बूंदाबांदी हो सकती है. इससे कुछ समय के लिए गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन पश्चिमी जिलों में फिलहाल तेज धूप और गर्म मौसम का दौर जारी रहने की संभावना है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.