बिना नक्शा पास कराए बनाया गया था दो मंजिला मकान, एसपी की सिफारिश पर हुई कार्रवाई

यमुनानगर में नशा तस्करी के आरोपियों पर बुलडोजर एक्शन। दो सगे भाइयों का अवैध दो मंजिला मकान ध्वस्त।

यमुनानगर : हरियाणा के यमुनानगर में वीरवार को नगर निगम की टीम ने पुराना हमीदा की खड्डा कॉलोनी में नशा तस्करी के आरोपी 2 सगे भाइयों के अवैध बने 2 मंजिला मकान पर बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त कर दिया।

यमुनानगर पुलिस ने कुछ समय पहले पुराना हमीदा निवासी नईम धोबी और उसके भाई मुस्तकीम को नशा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने नगर निगम को पत्र भेजकर आरोपियों की सम्पत्तियों की जांच करने का अनुरोध किया था। जांच में खुलासा हुआ कि दोनों भाइयों ने बिना नक्शा और बिल्डिंग प्लान पास करवाए ही खड्डा कॉलोनी में अवैध रूप से 2 मंजिला मकान खड़ा किया था।

निगम ने आरोपियों को नोटिस जारी किया था। नोटिस की समय अवधि पूरी होने के बाद वीरवार को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट सुरेंद्र दहिया के नेतृत्व में टीम भारी पुलिस बल और जे.सी.बी. के साथ मौके पर पहुंची व नशा तस्करों के 2 मंजिला मकान को गिरा दिया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.