मैग्नम ग्लोबल पार्क में पार्किंग विवाद को लेकर रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन पर लोहे की रॉड से हमला, कारगिल वेटरन घायल
गुरुग्राम के मैग्नम ग्लोबल पार्क में पार्किंग विवाद को लेकर रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन अमित कुमार गुप्ता पर लोहे की रॉड से हमला।
गुरुग्राम: सेक्टर-58 स्थित मैग्नम ग्लोबल पार्क में पार्किंग को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. यहां भारतीय वायुसेना के रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन और कारगिल युद्ध के वेटरन अमित कुमार गुप्ता पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. हमले में उनके सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि हाथ में फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है. मामले में सेक्टर-65 थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पार्किंग को लेकर हुआ था विवाद: दरअसल घटना 10 सितंबर की रात की है. अमित कुमार गुप्ता अपने परिवार के साथ मैग्नम ग्लोबल पार्क स्थित Gonzo रेस्टोरेंट पहुंचे थे. पार्किंग को लेकर वहां मौजूद पार्किंग स्टाफ के साथ उनका विवाद हो गया. आरोप है कि विवाद के दौरान पार्किंग स्टाफ के एक कर्मचारी ने पहले उनकी कार की विंडशील्ड पर हाथ मारा. इसके बाद लोहे की रॉड लेकर वापस आया और रिटायर्ड अधिकारी पर हमला कर दिया. इस दौरान उनके सिर और हाथ में गंभीर चोटें आईं. हमले के बाद रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. उनके हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और सिर में भी गंभीर चोट आई है.
पुलिस ने दर्ज किया मामला: गुरुग्राम ईस्ट के एसीपी अभिलक्ष जोशी ने कहा “पीड़ित की शिकायत के आधार पर सेक्टर-65 थाने में मामला दर्ज किया गया है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रिटायर्ड ग्रुप कैप्टन और कारगिल युद्ध के वेटरन अमित कुमार गुप्ता पर जानलेवा हमला किया गया और उन्हें धमकी भी दी गई. पुलिस अब घटनास्थल के CCTV फुटेज खंगाल रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है. आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी.”