जमीन रिकॉर्ड में हेरफेर मामला, हांसी व्यापार मंडल के प्रधान प्रवीण तायल गिरफ्तार
जमीन रिकॉर्ड में हेरफेर कर 120 गज को 1200 गज दिखाने के मामले में हांसी व्यापार मंडल के प्रधान प्रवीण तायल गिरफ्तार।
हांसीः जमीन के रिकॉर्ड में कथित तौर पर हेरफेर कर 120 वर्ग गज जमीन को 1200 वर्ग गज किए जाने के मामले में हांसी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 11 मार्च 2026 के आदेश के अनुपालन में CIA-1 हांसी ने हांसी व्यापार मंडल के प्रधान प्रवीण तायल को गिरफ्तार किया है. पुलिस आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश करेगी.
विधायक विनोद भयाना पहुंचे थानाः सूचना मिलने पर CIA-1 कार्यालय पहुंचे विधायक विनोद भयाना ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया. दूसरी ओर कई व्यापारी भी CIA-1 कार्यालय के बाहर पहुंच गए. मौके पर मौजूद व्यापारियों ने मामले को लेकर मीडिया से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामला जमीन के रिकॉर्ड में कथित छेड़छाड़ और फर्जी दस्तावेज से जुड़ा है. शिकायत में आरोप है कि जमीन के रिकॉर्ड में 120 वर्ग गज के आगे पेन से एक और शून्य जोड़कर उसे 1200 वर्ग गज कर दिया गया. इसके बाद कथित तौर पर फर्जी मूल्यांकन के आधार पर 23 अगस्त 2017 को विलेख संख्या 2942 करवाया गया.
हाईकोर्ट में चल रहा है मामलाः मामला CWP नंबर 15448 ऑफ 2025 में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा पारित आदेश से संबंधित है. हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में उपायुक्त हांसी कार्यालय की ओर से प्राथमिकी दर्ज करवाने के लिए तहसीलदार हांसी को अधिकृत किया गया था. इसके बाद तहसीलदार कार्यालय की ओर से रजिस्ट्रेशन लिपिक के माध्यम से पुलिस को शिकायत दी गई, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई.
क्या बोले जांच अधिकारीः CIA-1 हांसी के जांच अधिकारी कपिल ने बताया कि “मामले में जमीन से संबंधित धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनका इस्तेमाल करने समेत संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है. रिकॉर्ड में 120 वर्ग गज को 1200 वर्ग गज किए जाने के मामले में यह पता लगाया जा रहा है कि रिकॉर्ड में बदलाव किसने किया और इसके पीछे क्या उद्देश्य था.” पुलिस जमीन से जुड़े मूल रिकॉर्ड, कंप्यूटर रिकॉर्ड, दस्तावेजों और रजिस्ट्री से संबंधित तमाम पहलुओं की जांच कर रही है. इसके साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में गिरफ्तार आरोपी के अलावा अन्य किसी व्यक्ति की भूमिका रही है या नहीं.
सोमवार को अदालत में पेश करेगी पुलिसः प्रवीण तायल की गिरफ्तारी की खबर के बाद CIA-1 कार्यालय के बाहर व्यापारियों की भीड़ जुटने लगी. व्यापारियों की ओर से भी फिलहाल मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. गिरफ्तार प्रवीण तायल को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा.