मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा- पगड़ी हमारी आस्था और सम्मान का प्रतीक, मान साहब को मांगनी चाहिए माफी
सीएम नायब सिंह सैनी ने भगवंत मान की 'नकली पगड़ी' वाली टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कहा- गुरु साहिबानों का हुआ अपमान।
चंडीगढ़ : सोमवार को चंडीगढ़ में अपने आवास ‘संत कबीर कुटीर’ पर कई नेताओं को पार्टी में शामिल करने के बाद मीडिया से बात करते हुए, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि मान साहब की “नकली पगड़ी” वाली टिप्पणी बहुत दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मान साहब, हमारे लिए पगड़ी गुरु साहिबानों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। यह हमारे लिए आस्था, विश्वास और सम्मान का विषय है।” उन्होंने कहा कि पगड़ी गुरु साहिबानों द्वारा दी गई एक परंपरा है। “हम अपने गुरु साहिबानों की शिक्षाओं का पालन करते हुए अपनी सरकार चला रहे हैं।””अगर भगवंत मान इस पगड़ी को ‘नकली’ कह रहे हैं, तो उन्हें उसी जगह जाना चाहिए जहां हमारे गुरु साहिबानों ने यह पगड़ी पहनी थी और माफ़ी मांगनी चाहिए।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि मान साहब को पंजाब के लोगों से माफ़ी मांगनी चाहिए। “उन्होंने पंजाब की जनता का अपमान किया है; उन्हें गुरु साहिबानों और पंजाब के लोगों से माफ़ी मांगनी चाहिए।” मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हमारे गुरु साहिबानों की शहादत की वजह से ही हम आज यहां हैं। इस मौके पर पंजाब बीजेपी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।