हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की कार पर फायरिंग, भिवानी के खरक गांव की घटना
हरियाणवी सिंगर दिलेर खरकिया की भिवानी स्थित गाड़ी पर फायरिंग। CCTV फुटेज आया सामने, पुलिस कर रही है जांच।
भिवानी: हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े सिंगर और एक्टर दिलेर खरकिया की Range Rover कार पर फायरिंग का मामला सामने आया है. वारदात भिवानी में हुई. राहत की बात यह रही कि फायरिंग के समय दिलेर खरकिया गाड़ी में मौजूद नहीं थे. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
CCTV में कैद हुआ हमलावर: पूरी वारदात का CCTV फुटेज सामने आया है. फुटेज में एक बाइक सवार व्यक्ति Range Rover के पास आता दिखाई देता है. इसके बाद वह कार पर गोली चलाता है और तेजी से मौके से फरार हो जाता है. पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है.
बाइक से आया, गोली चलाकर भागा: CCTV फुटेज के मुताबिक बाइक सवार ने वारदात को अंजाम देने के लिए बाइक का इस्तेमाल किया. गोली चलाने के बाद आरोपी बिना रुके वहां से निकल गया. पुलिस वारदात में इस्तेमाल बाइक और आरोपी की पहचान से जुड़े अन्य सुराग जुटा रही है. आसपास लगे दूसरे CCTV कैमरों की फुटेज भी जांच का हिस्सा बनाई जा सकती है.
सोशल मीडिया पोस्ट से बढ़ा मामला: वहीं, फायरिंग की घटना के बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी सामने आई है, जिसमें बदमाशों द्वारा वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. हालांकि इस पोस्ट की सत्यता की अभी पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि पोस्ट वास्तव में घटना से जुड़ी है या नहीं.
फायरिंग की वजह का पता नहीं: पुलिस की मानें तो अभी तक फायरिंग के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस CCTV फुटेज, सोशल मीडिया पोस्ट और मौके से मिले अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल कर रही है. CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
जांच में जुटी पुलिस: इस बारे में भिवानी के सदर थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि, “17 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे खरक गांव में एक हरियाणवी सिंगर के मकान के सामने गली में खड़ी गाड़ी पर अज्ञात मोटरसाइकिल सवार द्वारा एक राउंड फायर किया गया. इस घटना में गाड़ी का शीशा टूट गया, हालांकि किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों सहित एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर दिया है और जल्द ही प्रभावी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.”
गांव खरक से है ताल्लुक: दरअसल, दिलेर खरकिया भिवानी जिले के गांव खरक से ताल्लुक रखते हैं. उन्होंने हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री में सिंगर, एक्टर और मॉडल के रूप में पहचान बनाई है. उनके कई हरियाणवी गाने लोगों के बीच लोकप्रिय रहे हैं. इनमें लीलो चमन, मोटो, जूती काली, हाई कोर्ट, कबूतरी और आलू मटर जैसे गाने शामिल हैं.
पिता से मिली संगीत की विरासत: दिलेर खरकिया के पिता राजेंद्र खरकिया हरियाणा के प्रसिद्ध रागनी गायक हैं. दिलेर को संगीत की विरासत अपने पिता से मिली. उन्होंने बचपन से ही पिता के साथ रागनी कार्यक्रमों में जाना शुरू कर दिया था. बताया जाता है कि महज 9 साल की उम्र में उन्होंने एक रागनी प्रतियोगिता में पहली बार प्रस्तुति दी और प्रथम स्थान हासिल किया.
2018 में म्यूजिक इंडस्ट्री में कदम: रागनी से शुरू हुआ उनका सफर आगे हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री तक पहुंचा. साल 2018 में उन्होंने इंडस्ट्री में कदम रखा. इसके बाद गायन के साथ अभिनय और मॉडलिंग में भी काम किया. उनके कई गानों ने उन्हें हरियाणवी दर्शकों के बीच पहचान दिलाई.