फरीदाबाद जिला अदालत में सुरक्षा में सेंध, बैग में देशी कट्टा लेकर पहुंचा MBA छात्र गिरफ्तार

फरीदाबाद जिला अदालत परिसर में चेकिंग के दौरान MBA छात्र के बैग से मिला देशी कट्टा। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।

फरीदाबाद : फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित जिला अदालत परिसर में शुक्रवार दोपहर सुरक्षा व्यवस्था के बीच उस समय हड़कंप मच गया, जब एक MBA छात्र बैग में देशी कट्टा लेकर कोर्ट परिसर में प्रवेश करने की कोशिश करते पकड़ा गया। प्रवेश द्वार पर लगे मेटल डिटेक्टर की जांच के दौरान पुलिसकर्मियों को उसके बैग में संदिग्ध वस्तु होने का पता चला। तलाशी लेने पर बैग से देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान गुरुग्राम के गांव लाला खेड़ली निवासी अभिषेक खटाना के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी को शनिवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पकड़ा गया

जिस समय अभिषेक कोर्ट परिसर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था, उसी दौरान परिसर में नव-निर्वाचित बार काउंसिल के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह चल रहा था। समारोह के चलते अदालत परिसर में वकीलों और अन्य लोगों की भी काफी आवाजाही थी। ऐसे समय में एक युवक के हथियार के साथ पकड़े जाने से कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हुए हैं।

मेटल डिटेक्टर से हुआ खुलासा

सेंट्रल थाना पुलिस के अनुसार जिला अदालत परिसर के प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। यहां आने वाले लोगों की जांच डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर, हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर और बैग स्कैनर के जरिए की जाती है। शुक्रवार दोपहर अभिषेक बैग लेकर प्रवेश द्वार पर पहुंचा। डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से गुजरने के दौरान सुरक्षा कर्मियों को उसके बैग में संदिग्ध सामान होने का संदेह हुआ। इसके बाद उसे रोककर बैग की तलाशी ली गई।

बैग खुला तो मिला देशी कट्टा

तलाशी के दौरान बैग के अंदर से देशी कट्टा बरामद हुआ। हथियार मिलने के बाद पुलिसकर्मियों ने युवक को तुरंत काबू कर लिया और उसे आगे की कार्रवाई के लिए सेंट्रल थाना पुलिस के हवाले कर दिया।

कोर्ट आने की वजह और हथियार के स्रोत की जांच

अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि MBA का छात्र हथियार लेकर अदालत परिसर क्यों पहुंचा था। क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 की टीम भी आरोपी से पूछताछ कर रही है।जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अभिषेक कोर्ट में किससे मिलने आया था, हथियार उसे कहां से मिला और उसे अदालत परिसर में लाने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.