चौधरी देवीलाल की जयंती पर 27 सितंबर को बड़ा शक्ति प्रदर्शन, कांग्रेस और जेजेपी पर बरसे अभय चौटाला
इनेलो नेता अभय चौटाला ने भिवानी में कहा कि 27 सितंबर को नूंह में होगी ऐतिहासिक रैली। कांग्रेस और जेजेपी पर साधा निशाना।
भिवानी: इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने भिवानी में बताया कि चौधरी देवीलाल की जयंती के उपलक्ष्य में 27 सितंबर को नूंह में राज्यस्तरीय रैली होगी. ये रैली प्रदेश के इतिहास में ऐतिहासिक होगी. उन्होंने दावा किया कि जनता बदलाव के मूड में है और इस रैली के बाद प्रदेश के हर आम आदमी की जुबान पर यही होगा कि हरियाणा में अगली सरकार केवल इंडियन नेशनल लोकदल की बनेगी.
कांग्रेस पर अभय चौटाला का निशाना: कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए इनेलो नेता ने कहा कि कांग्रेस के भीतर वर्चस्व की लड़ाई चल रही है. पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि हुड्डा ने अपने रास्ते में आने वाले सभी नेताओं चाहे वे राव इंद्रजीत हों, कुमारी सैलजा हों या कुलदीप बिश्नोई, सभी को दरकिनार किया है.
‘घरों में बैठने वाले आज जनता के बीच जाने के मजूबर’: राज्यसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि कांग्रेस के नौ विधायकों के वोट कहां गए और आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल एक समानांतर गुटबाजी बनकर रह गई है. इसके अलावा जेजेपी पर निशाना साधते हुए अभय चौटाला ने कहा कि जो दल कभी घरों में बैठे रहते थे, आज वो जनता के बीच जाने को मजबूर हैं.
कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर उठाए सवाल: प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए चौटाला ने कहा कि आज फिरौती, अपहरण और लूटपाट जैसी घटनाएं आम हो चुकी हैं और अपराधियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है. इसके साथ ही उन्होंने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि मंडियों में धान और बाजरे की सरकारी खरीद में जानबूझकर अड़चनें पैदा की जा रही हैं. सरकार की नीतियों के कारण किसान अपनी फसलों को औने-पौने दामों में बेचने को मजबूर हैं, जिससे बिचौलियों और दलालों को फायदा पहुंचाया जा रहा है.