Gurgaon Police Action: कुख्यात गैंगस्टर पर प्रशासन का बुलडोजर, 72 से अधिक मामलों में है शामिल
गुरुग्राम के नाहरपुर रूपा में गैंगस्टर कौशल चौधरी के 350 गज में बने अवैध मकान को पुलिस और प्रशासन ने किया ध्वस्त।
गुड़गांव : नाहरपुर रूपा क्षेत्र को उस वक्त छावनी में तबदील कर दिया गया जब गुड़गांव पुलिस व प्रशासन का तोड़फोड़ दस्ता गैंगस्टर कौशल चौधरी के साम्राज्य को ध्वस्त करने के लिए पहुंचा। जेल में बंद गैंगस्टर कौशल चौधरी पर 72 से भी ज्यादा मुकदमें दर्ज हैं। मामले में पुलिस ने सिविल विभाग से तालमेल कर उसकी संपत्तियों का पता लगाया और इस पर कार्रवाई कर दी। आज ड्यूटी मजिस्ट्रेट और भारी पुलिसबल की मौजूदगी में नाहरपुर रूपा स्थित गैंगस्टर कौशल चौधरी के 350 गज में बने मकान को ध्वस्त कर दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गुरुग्राम पुलिस भूमि माफियाओं और आदतन अपराधियों के खिलाफ एक सटीक एवं सशक्त अभियान चलाते हुए शहर में अपराध से अर्जित की गई कमाई से किए गए निर्माण, अवैध कमाई के लिए अवैध कब्जों के संगठित नेटवर्क पर करारा प्रहार कर रही है। पुख्ता खुफिया सूचना के आधार पर नाहरपुर रूपा, गुरुग्राम में अपराधी/बदमाशी के अवैध निर्माण की पहचान कर भारी मशीनरी की सहायता से पूरी तरह ध्वस्त किया गया, जिससे भूमि को उसके मूल स्वरूप में बहाल किया गया।
इस कार्यवाही में अपराधी कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी निवासी नाहरपुर रूपा, गुरुग्राम को चिन्हित किया गया। गैंगस्टर कौशल चौधरी पर हत्या करने, हत्या का प्रयास करने, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं के तहत 6 दर्जन से भी अधिक केस गुरुग्राम में दर्ज हैं। गैंगस्टर कौशल चौधरी द्वारा अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कर लगभग अवैध रूप से मकान का निर्माण किया हुआ था। तथा इसका उपयोग संगठित अपराध गतिविधियों के संचालन एवं विस्तार के लिए किया।
जांच में यह भी सामने आया कि उपरोक्त आरोपी ने अवैध रूप से मकान बनाकर उससे अवैध रूप से किराया वसूला और उसका उपयोग संगठित अपराध गतिविधियों के संचालन एवं विस्तार के लिए किया। यह कार्यवाही अपराध शाखा मानेसर, गुरुग्राम द्वारा संबंधित विभागों के समन्वय से की गई। पुलिस की कड़ी निगरानी में सभी अवैध संरचनाओं को हटाकर भूमि को पूर्ण रूप से मुक्त कराया गया तथा पूरे अभियान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखी गई। गुरुग्राम पुलिस सार्वजनिक भूमि की सुरक्षा, कानून व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों को शोषण से बचाने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे खुफिया-आधारित सख्त अभियान भविष्य में और अधिक तीव्रता के साथ जारी रहेंगे, ताकि गुरुग्राम को अपराध मुक्त एवं सुरक्षित बनाया जा सके।