बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से बदसलूकी करने वाले मुख्य आरोपी का एनकाउंटर, पैर में लगी गोली
बिहार के जमुई में नाबालिग से बदसलूकी के मुख्य आरोपी नंदन यादव का पुलिस मुठभेड़ में एनकाउंटर। पैर में गोली लगने के बाद दो आरोपी गिरफ्तार।
बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा के साथ बदसलूकी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मंगलवार की सुबह आरोपियों को घेरकर एनकाउंटर कर दिया. इसमें मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी है, वहीं दूसरे आरोपी हरेराम यादव भी बुरी तरह से जख्मी हुआ है.
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के बारे में पुख्ता इनपुट मिला था. इस इनपुट के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की घेराबंदी की, लेकिन आरोपी पुलिस पार्टी पर फायरिंग करते हुए भागने लगे. ऐसे में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की. इस दौरान मुख्य आरोपी नंदन के पैर में गोली लगी है. उसे तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया.
दूसरे आरोपी का टूटा पैर
वहीं इस घटनाक्रम के दौरान भागते समय दूसरा आरोपी हरेराम यादव भी जख्मी हो गया. उसके पैर में मोच आई है. पुलिस के मुताबिक इस मामले में एक आरोपी को पहले ही अरेस्ट किया जा चुका है. उसकी पहचान रामाशीष चौधरी के रूप में हुई है. इस आरोपी पर घटना का वीडियो सोशल मीडिया में डालने का आरोप है. इस वीडियो से ही आरोपी नंदन की भी पहचान हुई है. वीडियो में वह लाल गमछे में नजर आ रहा है.
तीन आरोपियों समेत 6 पकड़े
इस मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों की अरेस्टिंग हो चुकी है. वहीं इस मामले में तीन बाल अपराधी भी हिरासत में लिए गए हैं. पुलिस के मुताबिक नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत करने में नंदन यादव ही आगे था. पुलिस ने इस मामले में नंदन, हरेराम समेत 7 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया था. इनमें तीन नाबालिग हैं. पुलिस ने सोमवार को मामले की जांच करते हुए तीनों बाल अपचारियों को हिरासत में लिया था. वहीं घटना के बाद से फरार चल रहे नंदन यादव को अब पुलिस ने जमुई के मड़वा पहाड़ी पर एनकाउंटर किया है.