फतेहाबाद के होटल में दोस्तों के बीच खूनी संघर्ष, खाना खाते समय मारपीट में एक की मौत
फतेहाबाद के होटल में खाना खाने पहुंचे दोस्तों के बीच विवाद के बाद मारपीट, एक की मौत। पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज।
फतेहाबाद: फतेहाबाद के मेजबान होटल में खाना खाने पहुंचे दोस्तों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. पहले कहासुनी हुई और इसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया. पूरी घटना होटल में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई.
बहस के बाद शुरू हुई हाथापाई: CCTV फुटेज में कुछ लोग होटल में बैठकर खाना खाते दिखाई दे रहे हैं. इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो जाती है. कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और मौजूद लोग एक-दूसरे से हाथापाई करने लगे. हाथापाई के दौरान पुर निवासी प्रहलाद सिंह अचानक फर्श पर गिर पड़े. उनके गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इसके बाद प्रहलाद सिंह को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया.
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया: अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने प्रहलाद सिंह को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की. पुलिस अब CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों को खंगाल रही है.
पांच लोगों पर केस दर्ज: पुलिस ने मामले में सत्यप्रिय, अमित भादु, अनिल, कुशल और निखिल गोदारा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है. पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का कारण: इस पूरे मामले में शहर थाना प्रभारी संजय ने कहा कि, “पांच लोगों के खिलाफ धारा 304 में केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है.मौत के वास्तविक कारण और हाथापाई में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी. पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर घटनाक्रम को समझने का प्रयास कर रही है.”