हरियाणा में बड़े संघर्ष से पहले हुड्डा ने मांगा जनता का आशीर्वाद, 2029 चुनाव को लेकर कही बड़ी बात
पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गढ़ी सांपला किलोई से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। बीजेपी सरकार पर साधा निशाना।
रोहतक: हरियाणा का पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र गढ़ी सांपला किलोई के गांव ब्राह्मणवास से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की. उनका यह दौरा करीब आठ दिन तक चलेगा. पहले दिन उन्होंने ब्राह्मणवास के अलावा बसंतपुर, धामड़, रिठाल, कान्ही, जसिया और घिलौड़ में ग्रामीणों से मुलाकात की.
बड़े संघर्ष से पहले मांगा आशीर्वाद: ग्रामीणों को संबोधित करते हुए हुड्डा ने ब्राह्मणवास को अपना घर बताते हुए कहा कि, “बीजेपी सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने से पहले मैं ग्रामीणों से आशीर्वाद और सलाह-मशविरा करने आया हूं. क्षेत्र के सभी गांवों में जाकर लोगों से संवाद किया जाएगा और उनकी समस्याएं सुनी जाएंगी.”
सरकार पर विकास रोकने का आरोप: हुड्डा ने भाजपा सरकार पर प्रदेश के विकास को पीछे ले जाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि, “पिछले 12 साल में हरियाणा में किसी प्रकार की कोई तरक्की नहीं हुई. कांग्रेस सरकार के समय हरियाणा प्रति व्यक्ति आय, निवेश, रोजगार और खेलों में आगे था, लेकिन अब प्रदेश की स्थिति कमजोर हुई है.”
कानून व्यवस्था पर भी घेरा: पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि, “हरियाणा में कोई भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है. यहां विभिन्न प्रकार के गैंग काम कर रहे हैं, जो फिरौती और हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं. युवाओं के सामने भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है.”
कर्ज को लेकर सरकार से सवाल: हुड्डा ने हरियाणा पर बढ़ते कर्ज का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि, “1966 से 2014 तक हरियाणा पर 70 हजार करोड़ रुपये कर्ज था, लेकिन 2014 से अब तक यह साढ़े पांच लाख करोड़ रुपये हो गया. इसके बावजूद बिजली उत्पादन, रेलवे लाइन और मेट्रो विस्तार के क्षेत्र में अपेक्षित काम नहीं हुआ.”
वोटिंग के आंकड़ों पर उठाए सवाल: हुड्डा ने 2024 विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान प्रतिशत के आंकड़ों को लेकर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि, “मतदान के दिन 61 प्रतिशत वोटिंग बताई गई, अगले दिन 65 प्रतिशत और मतगणना के दिन 67 प्रतिशत. आखिर छह प्रतिशत वोटिंग कैसे बढ़ गई? साल 2029 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया पर विशेष नजर रखेगी. 2029 में ईवीएम को भी देखेंगे कि किस तरह गड़बड़ हुई. इसलिए सतर्क रहना है. हमारी ग्रामीणों से आगामी राजनीतिक संघर्ष में साथ देने की अपील है.”
बता दें कि हुड्डा का गांवों का दौरा 28 सितंबर तक जारी रहेगा. इसके बाद 3 और 4 अक्टूबर को भी वह क्षेत्र के गांवों में पहुंचेंगे. गढ़ी सांपला किलोई से हुड्डा कांग्रेस विधायक हैं और इस अभियान के दौरान वह ग्रामीणों से सीधे संवाद कर स्थानीय मुद्दों और राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा करेंगे.