बहन से छेड़छाड़ और पुरानी रंजिश के चलते हुई थी बॉक्सर दीपक की हत्या, एसपी ने दी जानकारी
हांसी ट्रेनी बॉक्सर दीपक हत्याकांड का खुलासा। पुलिस ने रोहतक के रहने वाले मुख्य आरोपी प्रिंस और उसके साथियों को किया गिरफ्तार।
हांसी : हांसी जिले में बुधवार को हुए ट्रेनी बॉक्सर दीपक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने दीपक के दोस्त प्रिंस और उसके साथियों को आर्यन और जितेंद्र को अरेस्ट किया। तीनों रोहतक के गांव अजायब के रहने वाले है।
हांसी एसपी विनोद कुमार ने प्रेसकांफ्रेस में बताया की जांच में पता चला है कि चारों युवक हत्या वाले दिन रिट्ज कार से गांव आए थे। दिनभर गांव की दुकानों पर यूपीआई के जरिए पैसे निकलवाने के लिए घूमे। ग्रामीणों ने कार में इन युवकों को देखा भी था। ट्रेनी बॉक्सर की हत्या के बाद पुलिस को जब यह बात पता चली तो तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पता चला है कि दीपक ने अपनी मौसी के लड़के के साथ प्रिंस की बहन की शादी करवाई थी। दीपक उसकी बहन से छेड़छाड़ करता था। रात को प्रिंस और उसके दोनों दोस्तों ने दीपक के साथ शराब पी। इसी दौरान दीपक ने उसकी बहन पर कमेंट किया, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।
एसपी बताया कि दीपक ने प्रिंस की सगी बहन का रिश्ता अपनी मौसी के लड़के मोहित से करीब सात साल पहले करवाया था। प्रिंस ने शादी से जुड़े काम के लिए दीपक से कुछ रुपए भी लिए थे। इसके अलावा प्रिंस को अपनी बहन के दीपक के घर आने-जाने को लेकर आपत्ति थी। इसका कारण था कि दीपक अक्सर उसकी बहन से छेड़छाड़ करता था।
एसपी विनोद कुमार के मुताबिक, प्रिंस इसी बात से नाराज चल रहा था। पूछताछ में प्रिंस ने बताया कि उसने कई बार दीपक को समझाया भी, लेकिन वह हंस कर टाल देता था। बात नहीं मानने पर उसने दीपक की हत्या की साजिश रची।
एसपी ने बताया कि हत्या वाले दिन भी ये सभी युवक बैठकर शराब पी रहे थे। साजिश के तहत प्रिंस ने ही इसका अरेंजमेंट किया था। इसी दौरान दीपक ने फिर उसकी बहन की बुराई करनी शुरू कर दी। इससे प्रिंस को गुस्सा आ गया और उसने कस्सी और बीयर की बोतलों से उसकी हत्या कर दी।