40 साल की उम्र में जोशना ने रचा इतिहास, लगातार छठे एशियन गेम्स में पक्का किया मेडल

एशियन गेम्स में भारत को स्क्वॉश और टेबल टेनिस में मिली दोहरी सफलता। जोशना चिनप्पा और मिक्स्ड डबल्स ने पक्का किया मेडल।

एशियन गेम्स हो या कॉमनवेल्थ गेम्स या ओलंपिक, भारत की उम्मीदें सबसे ज्यादा शूटिंग, वेटलिफ्टिंग, रेसलिंग, बॉक्सिंग और हॉकी जैसे खेलों में रहती हैं. मगर टेबल टेनिस में भारत को मेडल मिल जाए तो इसकी अलग ही खुशी होती है. खास तौर पर एशियन गेम्स में, जहां कम्पटीशन बहुत ही कड़ा होता है. मगर भारत की अनुभवी खिलाड़ी जोशना चिनप्पा और वेलाविन सेंथिलकुमार ने इस खेल में भारत का मेडल पक्का कर लिया है. वहीं टेबल टेनिस में भी मिक्स्ड डबल्स में भारत का मेडल तय हो गया.

जोशना का लगातार छठा मेडल

आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 के छठे दिन की सुबह भारत के हिस्से ये दोहरी सफलता आई. स्क्वॉश में भारत की सबसे अनुभवी खिलाड़ी के रूप में उतरीं जोशना और उनके जोड़ीदार वेलाविन सेंथिलकुमार ने बड़ी आसानी से फिलीपीन्स की जोड़ी को 2-0 से हरा दिया. इसके साथ ही भारत का मौजूदा एशियन गेम्स में स्क्वॉश में पहला मेडल पक्का हो गया, जबकि लगातार छठे दिन मेडल आने का सिलसिला जारी रहा.

जोशना के लिए ये मेडल इसलिए खास था क्योंकि ये उनका छठा मेडल है और लगातार 5वें एशियन गेम्स में मेडल पर अपना नाम लिखवाया, वो भी 40 साल की उम्र में. 2010 में पहली बार एशियन गेम्स में मेडल जीतने वाली जोशना ने 2014, 2018 और 2022 में भी मेडल जीते थे और इसी सिलसिले को 2026 में भी जारी रखा. बस अब ये देखना बाकी है कि क्या वो पहली बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतती हैं या नहीं.

टेबल टेनिस में सिर्फ दूसरी सफलता

वहीं इससे पहले छठे दिन सफलता की शुरुआत टेबल टेनिस से हुई, जहां मिक्स्ड डबल्स के 2 क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में भारतीय जोड़ियां उतरी थीं. हरमीत देसाई और यशस्वनी घोरपड़े की जोड़ी को तो ताइवान के खिलाफ शिकस्त का सामना करना पड़ा लेकिन दिया चिताले और मानुष शाह ने कमाल कर दिया.मानुष और दिया की जोड़ी ने अपने क्वार्टर फाइनल में हैरतअंगेज प्रदर्शन किया और दुनिया में चौथी रैंक जोड़ी को चौंकाते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई.

भारतीय जोड़ी ने हॉन्ग कॉन्ग के वॉन्ग चुन टिम और डू होई केम की जोड़ी को 3-1 से हरा दिया. भारतीय जोड़ी ने पहला, तीसरा और चौथा गेम जीतते हुए 11-6, 13-15, 11-9, 11-5 के स्कोर के साथ ये मैच अपने नाम किया. इस तरह 2018 के एशियन गेम्स के बाद TT के मिक्स्ड डबल्स में भारत का मेडल पक्का हो गया. ये सिर्फ दूसरी बार है जब एशियन गेम्स में भारत को इस इवेंट का मेडल मिलेगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.