नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग को किया सम्मानित, डिजिटल रिकॉर्ड में लहराया परचम

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में चंडीगढ़ को मिला सर्वश्रेष्ठ केंद्र शासित प्रदेश का पुरस्कार। नई दिल्ली में हुआ सम्मान।

चंडीगढ़ : आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) के तहत स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल सिस्टम से जोड़ने में चंडीगढ़ ने उपलब्धि हासिल की है. चंडीगढ़ को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले केंद्र शासित प्रदेश का पुरस्कार दिया गया. यह सम्मान आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (AAM) और शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों (UAAM) में डिजिटल स्वास्थ्य रिकॉर्ड जोड़ने के लिए मिला.

आरोग्य मंथन में मिला सम्मान: नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित आरोग्य मंथन 2026 कार्यक्रम में चंडीगढ़ स्वास्थ्य सेवाओं की निदेशक डॉ. सुमन सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा से पुरस्कार प्राप्त किया. कार्यक्रम में देशभर के स्वास्थ्य विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे.

डिजिटल रिकॉर्ड में बेहतर प्रदर्शन: चंडीगढ़ ने आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और शहरी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल सिस्टम से जोड़ने में बेहतर काम किया. केंद्र सरकार की ओर से ABDM और आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत विभिन्न श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सम्मानित किया गया.

ABHA से जुड़ रहे मरीजों के रिकॉर्ड: ABDM के तहत मरीजों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड को आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) से जोड़ा जा रहा है. इससे मरीज की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी डिजिटल रूप में उपलब्ध रहती है और जरूरत के अनुसार अधिक आसानी से स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी संस्थाओं तक पहुंच बनाई जा सकती है.

स्वास्थ्य विभाग ने बताया सामूहिक प्रयास: चंडीगढ़ स्वास्थ्य विभाग के अनुसार इस उपलब्धि के पीछे विभाग, स्वास्थ्य संस्थानों, स्वास्थ्यकर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और ABDM टीम का सामूहिक प्रयास रहा है. विभाग ने कहा, “डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ाने और ABDM की सुविधाओं को अधिक से अधिक नागरिकों तक पहुंचाने का काम लगातार जारी रहेगा.”

देशभर में तेजी से बढ़ा डिजिटल हेल्थ नेटवर्क: ABDM के पांच साल पूरे होने के मौके पर जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 सितंबर 2026 तक देश में 97.8 करोड़ से अधिक ABHA बनाए जा चुके थे. वहीं, 121 करोड़ से अधिक स्वास्थ्य रिकॉर्ड ABDM सिस्टम से जोड़े जा चुके थे.

नई डिजिटल स्वास्थ्य पहलों पर चर्चा: आरोग्य मंथन के दौरान डिजिटल स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने से जुड़ी नई पहलों पर भी चर्चा हुई. इनमें नेशनल हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स रजिस्ट्री मोबाइल ऐप, डिजिटल हेल्थ फैसिलिटी के लिए गाइडबुक और स्वास्थ्य डेटा के सुरक्षित इस्तेमाल के लिए सिक्योर डेटा एनवायरनमेंट शामिल हैं.

मरीज-केंद्रित सेवाओं पर जोर: स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक डिजिटल व्यवस्था से स्वास्थ्य सेवाओं को आपस में जोड़ने और मरीजों के लिए उन्हें अधिक सुगम बनाने में मदद मिलेगी. विभाग ने ABDM के दायरे को आगे बढ़ाने और ज्यादा से ज्यादा नागरिकों को डिजिटल स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने पर जोर दिया है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.