गाजियाबाद में 7वीं की छात्रा ने 10वीं मंजिल से कूदकर दी जान, टीचर पर प्रताड़ना का गंभीर आरोप
गाजियाबाद के साहिबाबाद में 7वीं की छात्रा ने 10वीं मंजिल से कूदकर जान दी। टीचर पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप, डायरी में लिखा था दर्द।
गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र स्थित गुलमोहर ग्रीन्स सोसाइटी की 10वीं मंजिल से शनिवार रात सातवीं कक्षा की 13 साल की छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में बालकनी से छलांग लगा दी। आनन-फानन में परिजन छात्रा को नरेंद्र मोहन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने स्कूल की टीचर पर गणित में कमजोर होने को लेकर छात्रा को क्लासमेट्स के सामने बार-बार अपमानित और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। छात्रा ने मौत से पहले अपनी स्कूल डायरी में प्रताड़ना का पूरा विवरण भी लिखा था।
पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर की शाम गुलमोहर ग्रीन्स सोसाइटी निवासी 13 साल की छात्रा अचानक 10वीं मंजिल स्थित अपने फ्लैट की बालकनी से नीचे गिर गई। तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन और सुरक्षाकर्मी छात्रा को तुरंत नरेंद्र मोहन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंची साहिबाबाद थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
स्कूल डायरी में लिखा था दर्द
परिजनों का कहना है कि छात्रा सातवीं कक्षा में पढ़ती थी। आरोप है कि गणित विषय में कमजोर होने के कारण स्कूल की टीचर उसे कक्षा में अन्य छात्रों के सामने लगातार अपमानित और प्रताड़ित कर रही थीं। इस उत्पीड़न से छात्रा लंबे समय से गहरे मानसिक तनाव में थी। घटना से पहले छात्रा ने अपनी स्कूल डायरी में शिक्षिका के रवैये और खुद पर बीत रही मानसिक परेशानी का जिक्र किया था।