सिंगापुर में UPI पेमेंट फेल होने पर यात्री ने शेयर किया अनुभव, जानिए क्या है विदेशी लेनदेन की हकीकत
सिंगापुर के चांगी एयरपोर्ट पर UPI पेमेंट फेल होने का मामला सामने आया है। जानिए विदेश में यूपीआई इस्तेमाल करने के नियम और फीस।
सिंगापुर के चांगी एयरपोर्ट पर UPI से पेमेंट करने की कोशिश कर रहे एक भारतीय के साथ कुछ ऐसा हुआ, जिसने विदेश में डिजिटल भुगतान की हकीकत सामने ला दी है. निखिल जॉर्ज नाम के एक शख्स ने ‘द कोकोआ ट्रीज़’ स्टोर पर UPI से भुगतान करने की कोशिश की, लेकिन पेमेंट नहीं हो पाया. इसके बाद उन्होंने पूरा बाकया शेयर किया है और उनके अलावा भी कई यूजर्स ने इसपर अपनी राय रखी है.
जॉर्ज ने बताया कि कैसे उन्हें यूपीआई पेमेंट करने में परेशानी आई. इसी के साथ बाकी के यूजर्स ने बताया कि उनका एक्सपीरियंस कैसा रहा. कुछ का कहना है कि अगर ये काम करता भी है तो फिर रेट एक्सचेंज की वजह से परेशानी होती है. कई बार प्रति लेनेदेने पर प्रोसेसिंग फीस भी लग सकती है. फिलहाल जान लेते हैं डिटेल में.
निखिल जॉर्ज ने X पर एक वीडियो शेयर करते हुए बताया कि कैशियर ने उन्हें पहले ही चेतावनी दे दी थी कि UPI वहां ‘लगभग कभी काम नहीं करता’. उन्होंने फिर भी कोशिश की. जॉर्ज ने GPay से QR कोड स्कैन किया, लेकिन स्क्रीन पर ‘कन्वर्जन रेट नहीं मिल सका. कृपया दोबारा स्कैन करें’ का मैसेज आ गया.
उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “आज चांगी एयरपोर्ट पर ‘द कोकोआ ट्रीज़’ में UPI से पेमेंट करने की कोशिश की. कैशियर ने पहले ही चेतावनी दी कि यह लगभग कभी काम नहीं करता, लेकिन मैंने कोशिश करने पर जोर दिया. GPay से QR स्कैन किया और यह अटक गया, फिर दिखा, ‘कन्वर्जन रेट नहीं मिल सका. कृपया दोबारा स्कैन करें’.”
विदेश में UPI का अलग अलग अनुभव
यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई और लोग अपने अलग अलग अनुभव बताने लगे. कुछ यूजर्स ने कहा कि उनका UPI विदेश में सफल रहा है. एक यूजर ने बताया कि श्रीलंका में ‘लंका QR’ के जरिए उनका UPI काम कर गया था. कई लोगों ने PhonePe को अंतर्राष्ट्रीय भुगतान के लिए सबसे भरोसेमंद विकल्प बताया.
सिंगापुर में ही, मुस्तफा स्टोर पर UPI का इस्तेमाल अक्सर होता है. एक यूजर ने जॉर्ज को सुझाव दिया कि वे वहां कोशिश करें, क्योंकि अनुभव ‘एंड पॉइंट टर्मिनल’ पर निर्भर करता है. एक अन्य यूजर ने बताया कि मुस्तफा में UPI पेमेंट पर 10% छूट मिलती है, जिससे विदेशी मुद्रा विनिमय शुल्क (exchange markup) की भरपाई हो जाती है.
एक्सचेंज रेट का खेल
हालांकि, कई यूजर्स ने यह भी बताया कि अगर UPI काम कर भी जाए, तो ‘विनिमय दर (exchange rate) इसे महंगा कर देती है’. UPI ऐप खुद कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लेता, लेकिन बैंक विदेशी मुद्रा बदलने के लिए फॉरेक्स मार्कअप लगा सकते हैं. यह आमतौर पर 1.5% से 3.5% तक होता है, साथ ही 15 से 50 रुपये तक का एक छोटा प्रोसेसिंग शुल्क भी लग सकता है.
उदाहरण के लिए, अगर सिंगापुर में आपकी खरीद 10,000 रुपये की है और आपका बैंक 2% फॉरेक्स मार्कअप लगाता है, तो यह लगभग 200 रुपये अतिरिक्त होंगे. अगर इसमें 20 रुपये का प्रोसेसिंग शुल्क भी जोड़ दें, तो कुल अतिरिक्त लागत लगभग 220 रुपये होगी.
NPCI इंटरनेशनल ने क्या कहा?
निखिल जॉर्ज के पोस्ट पर NPCI इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड ने भी जवाब दिया. उन्होंने लिखा, “नमस्ते निखिल जॉर्ज, असुविधा के लिए हमें खेद है. कृपया हमें DM के जरिए कोई भी अतिरिक्त जानकारी दें, हमें आपकी सहायता करने में खुशी होगी.”
साफ है कि अंतर्राष्ट्रीय UPI का अनुभव हर जगह एक जैसा नहीं है. कुछ यूजर्स को सिंगापुर और श्रीलंका में सफलता मिली, जबकि जॉर्ज का चांगी एयरपोर्ट पर अनुभव अलग रहा. यात्रियों को विदेश जाते समय अपने कार्ड साथ रखने की सलाह दी जाती है.