वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह के तहत हरियाणा के सभी चिड़ियाघरों में 2 से 8 अक्टूबर तक फ्री में घूमने का मौका
वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह के तहत हरियाणा के भिवानी, रोहतक और कुरुक्षेत्र चिड़ियाघरों में 2 से 8 अक्टूबर तक एंट्री पूरी तरह फ्री रहेगी।
हरियाणा : हरियाणा के तीनों चिड़ियाघरों भिवानी, रोहतक व कुरुक्षेत्र में लोगों को फ्री में घूमने का मौका दिया गया है। वन्य प्राणी विभाग द्वारा 2 से 8 अक्तूबर तक चिड़ियाघरों में घूमने के लिए लगने वाली फीस को नहीं लिया जाएगा। यह फैसला वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह के तहत लिया गया है। इसके तहत चिड़ियाघर में पहुंचने वाले लोगों की संख्या बढ़ाने पर फोकस किया जाएगा। इसी उद्देश्य से एंट्री फीस नहीं लेने का फैसला लिया है।
यहां बता दें कि प्रदेश में इस समय भिवानी, बोहतक व कुरुक्षेत्र में मिनी चिड़ियाघर हैं। इन चिड़ियाघरों में घूमने के लिए आने वालों से एंट्री की फीस ली जाती है। इसके लिए बच्चों की फीस 20 रुपए निर्धारित की गई है। वहीं व्यस्क व्यक्तियों के लिए यह फीस 30 रुपए है। मगर 2 से 8 अक्टूबर तक एक सप्ताह के लिए एंट्री फीस की छूट दी गई है। इसके अलावा नैशनल पार्क में लगने वाली फीस की भी छूट दी गई है। इन तीनों चिड़ियाघरों में आमतौर पर हर रोज 3-4 हजार लोग घूमने के लिए पहुंचते हैं।
इस बारे भिवानी चिड़ियाघर के इंस्पैक्टर देवेंद्र हुड्डा ने बताया कि विभाग द्वारा एक सप्ताह के लिए लोगों को घूमने की छूट दी गई है। लोगों से भी आह्वान किया है कि ज्यादा से ज्यादा लोग यहां आकर इसका फायदा उठाएं और 2 से 8 अक्तूबर तक बिना किसी शुल्क के घूम पाएंगे। उन्होंने बताया कि लोग सुबह 9 से 5 बजे तक आ सकते हैं। वहीं चिड़ियाघर में शेर, भालु, मगरमच्छ और हिरण जैसे कई जानवर हैं। इसके अलावा वन्य प्राणी सुरक्षा सप्ताह के तहत जागरूकता के लिए कार्यक्रम भी किए जा रहे हैं।