पानी भरे गड्ढे से बचाने के चक्कर में बाइक सवार मजदूर को कार ने कुचला, चालक फरार

रेवाड़ी के बावल में वैगनआर कार की टक्कर से 16 वर्षीय बाइक सवार अरुण की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।

रेवाड़ी : बावल के गांव धुलेड़ा में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां खुर्द निवासी 16 वर्षीय अरुण पुत्र तुलसीराम की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार अरुण मजदूरी करता था और पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। बीती रात करीब 9 बजे वह बाइक पर सवार होकर बनीपुर चौक से अपने गांव धुलेड़ा खुर्द की ओर जा रहा था। भारत पेट्रोल पंप के पास सुषमा हॉस्टल के सामने पहुंचने पर पीछे से आ रही वैगनआर कार पानी भरे गड्ढे से बचने के दौरान उसकी बाइक की ओर मुड़ गई।

बताया जा रहा है कि कार की चपेट में आने के बाद अरुण डिवाइडर से जा टकराया और सड़क पर काफी दूर तक घिसटता चला गया। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना बावल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रणवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल अरुण को एंबुलेंस की मदद से बावल सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार अरुण मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी जमा होने के कारण यहां हादसे का खतरा बना रहता है।

उन्होंने संबंधित विभाग से जलभराव की समस्या दूर करने और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार वैगनआर चालक की तलाश में जुटी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.