ग्रेटर नोएडा में इन प्रमुख सड़कों को किया जा रहा है चौड़ा, जानिए पूरी योजना

ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए अमृतपुरम गोलचक्कर से 130 मीटर सड़क को जोड़ने वाले 4 लेन मार्ग को 6 लेन में बदला जा रहा है।

ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत के लिए अमृतपुरम गोलचक्कर से 130 मीटर चौड़ी सड़क को जोड़ने वाली 4 लेन की सड़क को 6 लेन का किया जाएगा। करीब 5 किलोमीटर लंबी सड़क को चरणबद्ध तरीके से चौड़ी किया जाएगा। इससे सूरजपुर-कासना मार्ग से 130 मीटर सड़क पर पहुंचना और आसान हो जाएगा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने इस पर काम शुरू कर दिया है।

नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने से सड़कों पर बढ़ा ट्रैफिक

दरअसल, सूरजपुर-कासना मार्ग (एसके रोड) पर स्थित अमृतपुर गोलचक्कर से रामपुर सेक्टर बीटा-1, डेल्टा-2 गोलचक्कर और एटीएस गोलचक्कर से होकर जाने वाला रास्ता 130 मीटर चौड़ी सड़क पर स्थित मकौड़ा गोलचक्कर पर जुड़ता है। इस मार्ग पर वाहनों का काफी दबाव रहता है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवा शुरू होने के बाद वाहनों की आवाजाही और अधिक बढ़ गई है। अधिकारियों के मुताबिक, इसमें और अधिक इजाफा होगा। इसको देखते हुए प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने ट्रैफिक के लिहाज से अधिक दबाव वाली सड़कें चौड़ी करने का काम शुरू कर दिया है। इसके तहत 130 मीटर चौड़ी सड़क को जोड़ने वाली सड़कों को चौड़ा किया जाएगा।

सड़क के दोनों ओर बढ़ेगी एक-एक नई लेन

वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम ने बताया कि रामपुर गोलचक्कर से सेक्टर डेल्टा-2 गोलचक्कर के बीच लगभग एक किलोमीटर की दूरी में सड़क को चौड़ी करने का काम शुरू कर दिया गया है। वर्तमान में चार लेन की इस सड़क को छह लेन का किया जा रहा है। दोनों तरफ एक-एक लेन अतिरिक्त सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इससे आगे भी सेक्टर जीटा-वन एटीएस गोलचक्कर से 130 मीटर चौड़ी सड़क पर स्थित मकौड़ा गोलचक्कर तक सड़क को चौड़ा किया जाएगा।

अगले कुछ सालों में सड़कों पर और बढ़ेगा दबाव

रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा, ”शहर की जिन सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव रहता है, उनको चौड़ी करने का काम किया जा रहा है। नोएडा एयरपोर्ट से ट्रैफिक का दबाव बढ़ गया है। आने वाले वर्षों में ट्रैफिक का दबाव और अधिक बढ़ेगा। ऐसे में 130 मीटर सड़क को जोड़ने वाली सभी सड़कों को चौड़ी किए जाने की योजना बनाई गई है। परियोजना विभाग ने इस पर काम शुरू कर दिया है।”

सुगम आवागमन के लिए ये सड़कें चौड़ी की जाएंगी

● एलजी से रामपुर सेक्टर बीटा-1 गोलचक्कर तक

● नॉलेज पार्क स्थित नासा पार्किंग से शारदा गोलचक्कर

● गलगोटिया अंडरपास से नासा पार्किंग

● ग्रेटर नोएडा वेस्ट में राइज पुलिस चौकी से जलपुरा तक

Leave A Reply

Your email address will not be published.