कार में सवार व्यक्ति ने चुराया हाईवे का पौधा, वाहन पर ‘पुलिस’ लिखा होने से मची सनसनी

बागपत में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के बीच से पौधा उखाड़कर कार में ले जाने का वीडियो वायरल हो रहा है। कार पर 'पुलिस' लिखा हुआ नजर आ रहा है।

बागपत में दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर हाईवे के बीच लगाए गए पौधे को कथित तौर पर उखाड़कर ले जाने का वीडियो सामने आया है. करीब एक मिनट के CCTV वीडियो में एक शख्स हाईवे के बीच लगे पौधे को निकालता और उसे कार में रखते हुए दिखाई दे रहा है. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

वायरल CCTV फुटेज में दिखाई दे रहा है कि हाईवे पर एक कार रुकती है. इसके बाद कार से एक व्यक्ति नीचे उतरता है और एक्सप्रेसवे के बीच लगे पौधे के पास पहुंचता है. शख्स पौधे को जमीन से निकालने का प्रयास करता दिखाई देता है. पौधा निकलने के बाद उसे उठाकर कार की डिग्गी में रख लिया जाता है और इसके बाद कार वहां से आगे बढ़ती नजर आती है.

कार पर POLICE है लिखा हुआ

वीडियो में सबसे ज्यादा चर्चा कार को लेकर है. वायरल फुटेज में कार पर POLICE लिखा हुआ दिखाई दे रहा है. हालांकि, कार वास्तव में पुलिस विभाग की है या नहीं और उसमें सवार व्यक्ति कौन था, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है. घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद हाईवे पर लगाए गए पौधों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.

इकोनॉमिक कॉरिडोर के निर्माण और सौंदर्यीकरण के तहत सड़क किनारे तथा डिवाइडर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए हैं. ऐसे में पौधों को उखाड़कर ले जाने की घटना सामने आने से संबंधित विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर यह साफ नहीं है कि घटना बागपत जिले में दिल्ली-दूदेहरादून कॉरिडोर के किस सटीक स्थान की है और पौधा उखाड़ने वाले व्यक्ति की पहचान क्या है.

अगर पुलिुस विभाग से जुड़ी है कार तो क्या होगी कार्रवाई?

CCTV फुटेज के आधार पर कार के नंबर और वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्ति की पहचान की जा सकती है. अब सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग या पुलिस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर कार और उसमें सवार व्यक्ति की पहचान करेगी? साथ ही, यदि कार पुलिस विभाग से जुड़ी हुई पाई जाती है, तो इस मामले में क्या कार्रवाई की जाएगी, इस पर भी लोगों की नजर बनी हुई है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.