सीएम नायब सिंह सैनी ने लाडवा मंडी का किया औचक निरीक्षण, किसानों को दिया एमएसपी का भरोसा

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र की लाडवा मंडी का निरीक्षण कर धान खरीद व्यवस्था का जायजा लिया और सड़क हादसे के पीड़ितों से मुलाकात की।

​कुरुक्षेत्रः हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र जिले के अपने दौरे के दौरान एक ओर जहां लाडवा अनाज मंडी पहुंचकर किसानों और आढ़तियों की समस्याओं को जाना, वहीं दूसरी ओर कैथल रोड सड़क हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों का दुख बांटा.

लाडवा मंडी का औचक निरीक्षण: कुरुक्षेत्र की लाडवा मंडी पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धान की सरकारी खरीद की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने मंडी में मौजूद किसानों, आढ़तियों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से सीधे बातचीत की.

​‘किसान की फसल का एक-एक दाना MSP पर खरीदेगी सरकार’: पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि “मैं स्वयं मंडियों में जाकर व्यवस्थाओं को देख रहा हूं. हमारे मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी भी धरातल पर उतरकर निरीक्षण कर रहे हैं. राज्य के किसी भी किसान को मंडी में फसल बेचने के दौरान कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी. सरकार ने किसान की फसल का एक-एक दाना न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने का वादा किया है और इसे हर हाल में पूरा किया जा रहा है.

‘किसानों से किसानों से की विशेष अपील’: ​मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश के कारण मंडी व्यवस्थाओं में कुछ व्यावहारिक दिक्कतें आई थीं, लेकिन अधिकारियों को निर्देश देकर उनका त्वरित समाधान करा दिया गया है. ​इसके साथ ही मुख्यमंत्री सैनी ने किसानों से भी एक विशेष अपील की. उन्होंने कहा कि “किसान मंडी में अपनी धान की फसल को अच्छी तरह सुखाकर ही लाएं, ताकि नमी के कारण उन्हें अपनी उपज बेचने में किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े.”

कलाल माजरा में 6 मृतकों के परिजनों का बंधाया ढांढस: ​कुरुक्षेत्र दौरे के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र के पास स्थित कलाल माजरा गांव पहुंचे. हाल ही में कुरुक्षेत्र के कैथल रोड पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में इस गांव के 6 लोगों की अकाल मृत्यु हो गई थी. ​मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार के घर जाकर परिजनों से मिलकर गहरा दुख साझा किया. उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकग्रस्त परिवार को इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की. मुख्यमंत्री ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सरकारी मदद का आश्वासन भी दिया.

Leave A Reply

Your email address will not be published.