मेवात विकास अभिकरण की पहल से चमकी युवाओं की किस्मत, सेना भर्ती में 23 युवाओं ने पास किए सभी चरण

मेवात विकास अभिकरण की पहल पर नूंह के युवाओं को सेना भर्ती का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया गया, जिसके तहत 23 युवाओं ने सभी चरण सफलताપूरक पार कर लिए हैं।

हरियाणा के नूंह जिले के युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का अवसर उपलब्ध कराने के लिए मेवात विकास अभिकरण (एमडीए) की पहल अब शानदार परिणाम दे रही है। नीति आयोग के सहयोग से ‘भारतीय सेना में भर्ती के लिए अभ्यर्थियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने’ वाली इस परियोजना के तहत जिले के युवाओं को शैक्षणिक, शारीरिक और चिकित्सीय तैयारी का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे युवाओं का सेना में जाने का सपना साकार हो रहा है।

📊 दो बैचों में 215 युवाओं ने लिया प्रशिक्षण, 49 पहुंचे लिखित परीक्षा में

उपायुक्त एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (एमडीए) अखिल पिलानी ने जानकारी देते हुए बताया कि युवाओं को बेहतर मार्गदर्शन देने के लिए गुरुग्राम की ओलिव हेरिटेज फाउंडेशन को प्रशिक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। छह महीने की अवधि वाले इस प्रशिक्षण के दो बैचों में कुल 215 युवाओं ने नामांकन कराया था। कड़े प्रशिक्षण और तैयारी के बाद पहले बैच के 49 अभ्यर्थी सेना की लिखित और शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल हुए और अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

🩺 23 युवाओं ने मेडिकल परीक्षा भी की पास, अंतिम मेरिट का इंतजार

कड़ी मेहनत और अनुशासन के बल पर आगे बढ़ते हुए इनमें से 23 अभ्यर्थियों ने सफलतापूर्वक अपनी चिकित्सीय (मेडिकल) परीक्षा भी पास कर ली है। इन 23 युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया के सभी चरण पार कर लिए हैं और अब उन्हें अंतिम मेरिट सूची का इंतजार है। इस सफलता में फरहान खान, दिलशाद, सज्जन, साहिल, जैद खान, विकास, सलमान, सोहैल, साजिद शकील, वारिस खान, सुल्तान और शाह आलम समेत कई होनहार युवा शामिल हैं। एमडीए की इस सफल पहल से पूरे क्षेत्र के युवाओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.