नोएडा और गाजियाबाद में मुख्य चुनाव आयुक्त के समर्थन में रैली, राष्ट्रपति को सौंपा ज्ञापन
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जहां विपक्ष देश भर में प्रदर्शन कर रहा है, वहीं नोएडा और गाजियाबाद में उनके समर्थन में रैली निकालकर ज्ञापन सौंपा गया है।
देशभर में एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। बेंगलुरु में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) समेत विभिन्न संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया, वहीं दिल्ली, उत्तराखंड और राजस्थान में विपक्षी दल सड़क पर उतरे हैं। इस सबके बीच दिल्ली से सटे नोएडा और गाजियाबाद में एक बिल्कुल अलग नजारा देखने को मिला, जहां बड़ी संख्या में लोग मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समर्थन में सड़कों पर उतरे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
📢 नोएडा-गाजियाबाद में समर्थन में निकली रैली, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
मुख्य चुनाव आयुक्त के समर्थन में नोएडा में लोगों ने ‘ज्ञानेश कुमार तुम आगे बढ़ो, देश तुम्हारे साथ है…’ के नारों के साथ मार्च निकाला। यह पैदल मार्च डीएम ऑफिस से शुरू होकर सिटी मजिस्ट्रेट ऑफिस तक पहुंचा, जहां अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया। इसी तरह गाजियाबाद में भी समर्थकों ने ज्ञापन सौंपकर मौजूदा हालात पर अपना रुख स्पष्ट किया। दूसरी ओर, दिल्ली में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने निर्वाचन आयोग के मामलों को लेकर अपना विरोध जारी रखते हुए राजघाट की तरफ मार्च करने की तैयारी की है।
⚔️ भाजपा का हमला- ‘अराजकता फैला रही है कांग्रेस’, बेंगलुरु में सीजेपी का प्रदर्शन
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि वे सड़क पर प्रदर्शन के जरिए देश में ‘नेपाल और बांग्लादेश जैसी अराजकता’ पैदा करना चाहते हैं। भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने का भी आरोप लगाया। वहीं दूसरी ओर, बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में सीजेपी के बैनर तले एसआईआर प्रक्रिया और सीईसी के खिलाफ ‘चप्पल प्रोटेस्ट’ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और छात्र शामिल हुए और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।