भिवानी: जालान नेत्र अस्पताल में मशीन खराब, बुजुर्गों को जाना पड़ रहा रोहतक; स्वास्थ्य मंत्री के नाम ज्ञापन

राजकीय किशन लाल जालान नेत्र अस्पताल में सफेद मोतिया ऑपरेशन के बाद बनने वाले पीसीओ जाला साफ करने की मशीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जनसंघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के सामने प्रदर्शन किया।

भिवानी। राजकीय किशन लाल जालान नेत्र अस्पताल में सफेद मोतिया ऑपरेशन के बाद बनने वाले पीसीओ जाला साफ करने की मशीन उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जनसंघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अस्पताल इंचार्ज डॉ. रेनू पुनिया के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के नाम ज्ञापन सौंपते हुए राज्य सरकार के खिलाफ रोष जताया।

प्रदर्शन की अध्यक्षता पूर्व कर्मचारी नेता व समाजसेवी प्रेम सिंह शेखावत ने की। इस दौरान जनसंघर्ष समिति के संयोजक कामरेड ओमप्रकाश, सदस्य महेंद्र सिंह प्रजापति, जनवादी नौजवान सभा भिवानी के संयोजक अनुराग शर्मा तथा पूर्व कर्मचारी नेता कंवर सिंह जांगिड़ ने कहा कि राजकीय नेत्र अस्पताल में सफेद मोतिया ऑपरेशन के बाद पीसीओ जाला साफ करने की मशीन पिछले करीब दो वर्षों से खराब पड़ी है। इसके चलते बुजुर्ग मरीजों को इलाज के लिए रोहतक पीजीआई जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक व शारीरिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मरीजों की सुविधा को देखते हुए मशीन को जल्द से जल्द दुरुस्त करवाया जाए या नई मशीन उपलब्ध कराई जाए ताकि मरीजों को बाहर न जाना पड़े। प्रदर्शन में आशा शर्मा, दीपिका, निशू बंसल, अनिता, कर्मचारी नेता नरेश शर्मा और राजबीर कादियान भी मौजूद रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.