टोहाना कन्या स्कूल का शिक्षक निलंबित, अश्लील टिप्पणी के मामले में पहले ही हो चुकी है गिरफ्तारी
टोहाना के पीएमश्री राजकीय कन्या स्कूल में छात्रा पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोपी पीजीटी केमिस्ट्री शिक्षक अनूप कुमार को शिक्षा विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
टोहाना । टोहाना स्थित पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्रा पर अश्लील व आपत्तिजनक टिप्पणी करने के गंभीर आरोपों में घिरे पीजीटी केमिस्ट्री (PGT Chemistry) शिक्षक पर शिक्षा विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने आरोपी शिक्षक अनूप कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है।
उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक की ओर से जारी आधिकारिक आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आरोपी शिक्षक पर विद्यालय की ही एक छात्रा द्वारा अनुचित व अशोभनीय व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए गए थे। इसके बाद विभाग ने ‘हरियाणा सिविल सेवा (दंड एवं अपील) नियम, 2016’ के नियम-5 के तहत यह अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई है।
📍 निलंबन काल में पलवल DEO कार्यालय रहेगा मुख्यालय; बिना अनुमति स्टेशन छोड़ने पर रोक
शिक्षा विभाग द्वारा जारी निलंबन आदेशों के अनुसार:
-
मुख्यालय में बदलाव: निलंबन अवधि के दौरान आरोपी शिक्षक अनूप कुमार का मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय, पलवल निर्धारित किया गया है।
-
अनुमति अनिवार्य: वे सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना अपने निर्धारित मुख्यालय को छोड़ नहीं सकेंगे।
-
निर्वहण भत्ता: निलंबन काल के दौरान उन्हें ‘हरियाणा सिविल सेवा (सामान्य) नियम, 2016’ के नियम-83 के प्रावधानों के तहत ही निर्वाह भत्ता (Subsistence Allowance) देय होगा।
-
उच्चाधिकारियों के निर्देश: यह कड़ा आदेश स्कूली शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय सिंह दहिया की ओर से जारी किया गया है, जिसकी प्रतिलिपि महानिदेशक को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित कर दी गई है।
🚓 शहर थाने में पोक्सो एक्ट (POCSO) के तहत केस दर्ज, पुलिस कर चुकी है गिरफ्तार
उल्लेखनीय है कि पीड़ित छात्रा की लिखित शिकायत के आधार पर टोहाना शहर थाना पुलिस ने आरोपी शिक्षक अनूप कुमार के खिलाफ पोक्सो (POCSO) अधिनियम सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। आपराधिक केस और जेल जाने के बाद अब शिक्षा विभाग ने भी निलंबन का चाबुक चला दिया है।