किसानों का प्रदर्शन: बीमा घोटाले के खिलाफ ढोल की थाप पर जताया गुस्सा

लोहारू में किसानों द्वारा निकाला गया रोष मार्च।

लोहारू। बीमा क्लेम कपास वर्ष 2023 में हुए लगभग 350 करोड़ रुपये के कथित घोटाले के विरोध में लोहारू उपमंडल कार्यालय में संयुक्त किसान मोर्चा द्वारा चलाया जा रहा अनिश्चितकालीन महापड़ाव 181वें दिन भी लगातार जारी रहा। मकर संक्रांति पर संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शहर में ढोल की थाप के साथ नींद से जागो प्रदर्शन किया गया जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए।

शहर में किसानों ने ढोलक और नगाड़े बजाकर सरकार व जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के खिलाफ रोष प्रकट किया। किसानों का कहना है कि वे तपती गर्मी में लू के थपेड़े सहते हुए और अब कड़ाके की ठंड में भी दिन-रात धरने पर डटे हुए हैं। धरना स्थल पर बुजुर्ग किसान भी ठंड में ठिठुरते हुए अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं।

प्रदर्शन में मास्टर उमराव सिंह, मास्टर जगरोशन, विजय गुरावा, सुरेश फरटिया, नरेन्द्र फरटिया, नरेश पहाड़ी तथा रामपाल प्रमुख रूप से मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान विजय गुरावा ने कहा कि लोहारू विधायक राजवीर फरटिया केवल एक बार ही धरना स्थल पर आए हैं जबकि भिवानी-महेंद्रगढ़ सांसद धर्मबीर सिंह, राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी, विधायक श्रुति चौधरी, पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल सहित अन्य बड़े नेता आज तक किसानों की सुध लेने धरने पर नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने इसे किसानों के प्रति सरकार और जनप्रतिनिधियों की असंवेदनशीलता बताया।

मास्टर जगरोशन ने बताया कि किसानों की मांगों को लेकर 26 जनवरी को लोहारू से भिवानी उपायुक्त कार्यालय तक ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा जिसमें किसान बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

वहीं मास्टर उमराव सिंह ने कहा कि 12 फरवरी को ट्रेड यूनियनों द्वारा प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल में संयुक्त किसान मोर्चा पूर्ण समर्थन के साथ शामिल होगा। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि 16 जनवरी को तहसील कार्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा ताकि प्रशासन का ध्यान किसानों की समस्याओं की ओर आकर्षित किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.