सूरजकुंड मेला: फूड स्टॉल संचालकों को बड़ी राहत, 11 स्टॉल खोलने की मिली अनुमति; किड्स जोन अब भी बंद
सूरजकुंड मेले में झूले हादसे के बाद बंद किए गए फूड स्टॉल्स में से 11 को फिर से खोलने की अनुमति मिल गई है। जानें किड्स जोन के संचालकों की क्या है मांग और मेला प्राधिकरण ने सुरक्षा जांच को लेकर क्या कहा है।
फरीदाबाद। सूरजकुंड मेला में परिसर में फूड कार्ट लगाने वाले संचालकों को राहत मिली है। उन्हें स्टाल लगाने की अनुमति दे दी गई है। दैनिक जागरण ने स्टाल संचालकों का मुद्दा उठाया था, जिसके बाद मेला प्रबंधन ने संज्ञान लेते हुए शुरुआती 11 स्टाल खोलने की अनुमति दे दी है। हालांकि किड्स जोन स्थित झूले और स्टाल्स अभी भी बंद है। किड्स जोन के स्टाल संचालक भी मेला परिसर में अन्य जगह की मांग कर रहे हैं।
एम्यूजमेंट पार्क में शनिवार शाम 6:15 बजे झूला टूट जाने से कई लोग घायल हो गए थे, जबकि लोगों को बचाते हुए इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद बलिदान हो गए। घटनास्थल पर सुरक्षा के मद्देनजर झूले सहित सभी स्टाल बंद कर दिया गया था। जिससे संचालकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किड्स जोन के स्टाल संचालक दूसरी जगह की मांग कर रहे हैं।
कुछ स्टाल संचालक अपने सामान सहित मेला छोड़कर जाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें मेला परिसर से सामान सहित बाहर नहीं जाने दिया जा रहा। वहीं कुछ स्टाल संचालकों का कहना है कि सामान को दूसरी जगह शिफ्ट कराया जाए। लाखों रुपये देकर बुकिंग कराई थी।
फूड कोर्ट शुरू होने से मिली राहत
सोमवार को दोपहर करीब दो बजे मनोरंजन पार्क स्थित फूड कोर्ट चालू कर दिया। बंद किए गए रास्ते को भी खोल दिया गया है। संचालक श्रवण कुमार ने बताया कि मेला प्राधिकरण की ओर से 11 फूड स्टाल चलाने की अनुमति दी गई है। 10 लाख रुपये में ठेका लिया था। इसके तहत पांच लाख रुपये जमा करा दिए थे। हादसे से काफी नुकसान हुआ है। अब स्टाल खुलने की अनुमति से राहत मिली है।
हमें भी मिले स्टॉल खोलने की अनुमति
स्टाल संचालक अभिषेक ने बताया कि औरेया से मेला में स्टाल लगाने आए थे। ठेकेदार को तीन लाख रुपये देकर दो स्टाल बुक कराई थी। इसी बीच शनिवार को हादसा हो गया। उनका कहना है कि मेला से सामान भी लेकर जाने नहीं दिया जा रहा औ न ही स्टाल लगाने दिया जा रहा है। वहीं दूसरे स्टाल संचालक हंसराज का कहना है कि मेला में घटना के बाद से स्टाल बंद करा दी गई है। सामान खराब होने के डर से पैक करके रख रहे हैं, प्रशासन दुकान खोलने नहीं दे रहा है।
प्राधिकरण की ओर से अलाट की गई 11 स्टाल को खोलने की अनुमति दी गई है। अन्य स्टाल को खोलने के संबंध में अभी कोई अपडेट नहीं है। घटना स्थल के आस-पास के स्टाल जांच के दायरे में हैं।