गाजियाबाद न्यूज़ : हीरोइन के लीड रोल के नाम पर वसूले पैसे, उधर 21.85 लाख की धोखाधड़ी में भी केस दर्ज

गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक में फिल्मों में काम दिलाने के नाम पर 90 लाख रुपये से अधिक की ठगी हुई। वहीं 21.85 लाख की धोखाधड़ी में भी मुकदमा दर्ज है।

गाजियाबाद। फिल्मों में हीरोइन बनाने और बड़े एक्टर्स के साथ विज्ञापनों में काम दिलाने का झांसा देकर एक युवती और उसके परिवार से 90 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्रॉसिंग रिपब्लिक के लाबोनी अपार्टमेंट निवासी अंजलि कुमारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि दिसंबर 2024 में उनकी मां सीता देवी के फेसबुक पर अमोल कोचे नाम के व्यक्ति का विज्ञापन देखा था। आरोपी ने खुद को फिल्म इंडस्ट्री में असिस्टेंट डायरेक्टर बताया था। विज्ञापन में फिल्मों की शूटिंग और विज्ञापनों में काम दिलाने का प्रस्ताव दिया गया था।

अंजलि के मुताबिक संपर्क करने पर आरोपी ने उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में काम दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए पहचान पत्र, फोटो और तीन हजार रुपये रजिस्ट्रेशन फीस मांगी। उन्होंने भेजे गए QR कोड पर रकम भेज दी। बाद में ID कार्ड न मिलने पर नाराजगी जताई तो आरोपी ने तीन हजार रुपये वापस कर दिए।

पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने दोबारा संपर्क कर उसे बड़ी फिल्मों के साथ-साथ बड़े अभिनेताओं के साथ हीरोइन का लीड रोल दिलाने का झांसा दिया। आरोप है कि जनवरी 2026 तक ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नकदी के जरिए 90 लाख रुपये से अधिक वसूल लिए। ACP प्रियाश्री पाल के मुताबिक, क्रॉसिंग रिपब्लिक की एविंग व्यंक हाईट्स सोसाइटी निवासी अमोल कोचे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

💰 सिक्योरिटी और टैक्स के नाम पर शुरू की वसूली

अंजलि का आरोप है कि कुछ दिन बाद आरोपी ने फोन कर बताया कि उसका हीरोइन के लीड रोल के लिए चयन हो गया है। हालांकि, पहली बार भुगतान मिलने से पहले 1.5 लाख रुपये सिक्योरिटी और टैक्स के नाम पर जमा करने होंगे। आरोपी ने विश्वास दिलाया कि फिल्म में काम पूरा होने के बाद रकम वापस कर दी जाएगी। नौ जनवरी 2025 से उन्होंने भुगतान करना शुरू किया। आरोपी वीडियो कॉल पर उसके नाम का एग्रीमेंट भी दिखाता था। फिल्म शुरू होने में देरी होने पर वह वित्त मंत्रालय और RBI में बजट संबंधी कागजी कार्रवाई लंबित होने का बहाना बनाता रहा।

🚨 ठगी की कुछ रकम लौटाकर 20 लाख रुपये हड़प लिए

पौने 22 लाख रुपये धोखाधड़ी के आरोपी ने शिकायतकर्ता को भरोसे में लेकर महज 1.71 लाख रुपये लौटाए और बाकी रकम हड़प ली। मामले में क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इंदिरापुरम के वैभव खंड स्थित लोटस पांड अपार्टमेंट निवासी सुमित त्यागी ने पुलिस को शिकायत देकर बताया कि उन्होंने क्रॉसिंग रिपब्लिक की अजनारा सोसाइटी में रहने वाले सुशील गुप्ता और उसकी पत्नी अनुभूति कुमारी उर्फ स्वाति गुप्ता के खिलाफ 21.85 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में पहले पुलिस से शिकायत की थी।

शिकायत की जानकारी मिलने पर सुशील गुप्ता ने उनसे संपर्क किया। आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए पुलिस कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाने के लिए कहा और जल्द ही पूरी रकम वापस करने का भरोसा दिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने विश्वास जीतने के लिए 1.71 लाख रुपये वापस किए। मगर बाकी रकम वापस नहीं की गई। ACP वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि शिकायत के आधार पर 18 नवंबर को आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.