ग्रेटर नोएडा के बादलपुर में 11 साल की बच्ची से दरिंदगी: मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार, ICU में भर्ती पीड़िता की हालत नाजुक

ग्रेटर नोएडा के बादलपुर में 11 साल की छात्रा के साथ दुष्कर्म व मारपीट के बाद मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार हुआ है। पीड़िता GIMS के ICU में भर्ती है।

ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के बादलपुर क्षेत्र के एक गांव में बुधवार की रात पड़ोस में रहने वाले मुंहबोले मामा ने 11 साल की बच्ची को अगवा कर जंगल में रेप किया। छात्रा के विरोध करने पर बेल्ट से पीटा और उसे बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गया। अस्पताल में भर्ती पीड़िता की हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता अपने मामा के यहां रहती है। वह पांचवीं कक्षा में पढ़ती है। उसकी नानी और घर के सदस्य बुधवार रात पड़ोस में शादी के दौरान संगीत कार्यक्रम में गए थे। वह अपनी नानी का मोबाइल देने के लिए जा रही थी। इसी बीच रास्ते में आरोपी पड़ोसी ने छात्रा को दुकान पर चलने के बहाने बाइक पर बैठा लिया। आरोपी छात्रा को जंगल की तरफ ले गया। खेत में उसके साथ रेप किया और विरोध करने पर बेल्ट से बुरी तरह पीटा। इसके बाद उसे लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग गया। देर रात तक छात्रा घर नहीं पहुंची तो उसकी खोजबीन शुरू हुई, लेकिन उसकी कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

📱 मोबाइल की लोकेशन से छात्रा तक पहुंची पुलिस

जांच में पुलिस को पता चला कि छात्रा के पास उसकी नानी का मोबाइल है। पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और छात्रा का पता लगाया। पुलिस और परिजन छात्रा की तलाश में जंगल में पहुंचे। छात्रा वहां एक खेत में बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। छात्रा को अस्पताल ले जाया गया। कासना के GIMS अस्पताल में छात्रा का इलाज चल रहा है। छात्रा की हालत नाजुक बनी हुई है। शरीर पर चोट के निशान हैं। गले पर भी निशान मिले हैं। अंदरूनी चोट भी लगी हैं। GIMS के डायरेक्टर ब्रिगेडियर डॉ. आरके गुप्ता ने कहा कि छात्रा को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों की देखरेख में ICU में इलाज चल रहा है। पहले के मुकाबले स्थिति स्थिर है।

👮 मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार

DCP सेंट्रल नोएडा डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया रोहित उर्फ चंदा पहले से ही छात्रा का परिचित है। आरोपी छात्रा के मामा का दोस्त है। वह मामा का पड़ोसी है। छात्रा उसे मामा कहकर बुलाती थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। छात्रा के पिता एक निजी स्कूल में शिक्षक हैं। मामा स्कूल चलाते हैं। सूत्रों के मुताबिक, छात्रा को जब अस्पताल लाया गया तो उसका चेहरा ऐसा लग रहा था कि संभवतः उसे जान से मारने की कोशिश भी की गई। उसे डिहाइड्रेशन के साथ शरीर में सूजन है।

🔍 जांच में एक ही आरोपी सामने आया है

छात्रा के मामा ने मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस जानकारी जुटा रही है कि घटना में कोई और तो शामिल नहीं है। परिजनों ने दो और लोगों के शामिल होने की बात कही है। हालांकि, पुलिस की जांच में एक ही आरोपी सामने आया है। पुलिस का दावा है कि इसमें और किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।

⏱️ चार घंटे तक तड़पती रही पीड़िता

परिजनों ने बताया कि आरोपी ने रात करीब 9:30 बजे छात्रा को बाइक से अगवा किया। इसके बाद उसे जंगल में ले गया। उसके साथ हैवानियत की और जंगल में छोड़कर भाग गया। करीब चार घंटे तक छात्रा खेत में पड़ी रही। परिजन पुलिस की मदद से करीब 1:30 बजे घटनास्थल पर पहुंचे और बेहोशी की हालत में पड़ी मिली छात्रा को अस्पताल ले जाया गया। इस घटना के बाद से छात्रा के परिवार के लोगों में आक्रोश है।

⚖️ परिजनों ने गैंगरेप का आरोप लगाया

परिजनों का आरोप है कि घटना में तीन लोग शामिल हैं। छात्रा के साथ गैंगरेप हुआ है। उसे बेरहमी से पीटा गया। वहीं, पुलिस एक आरोपी होने का दावा कर रही है। परिजनों का कहना है कि छात्रा ने तीन आरोपियों के बारे में बताया है। आरोप है कि छात्रा के साथ हैवानियत की गई। छात्रा की हालत गंभीर है।

⚠️ तीन महीने पहले मासूम की दरिंदगी के बाद हत्या हुई थी

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के हल्दौनी गांव में तीन महीने पहले छह साल की मासूम बच्ची से बलराज ने दरिंदगी की थी। इसके बाद उसने बच्ची की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ में ढेर किया था। बलराज बच्ची के शव को बोरे में भरकर घर से दो किलोमीटर दूर खेत में जाकर फेंक आया था। बच्ची के शव ले जाते वक्त वह CCTV में कैद हुआ था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.