फरीदाबाद जेल में संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या: गैंगस्टर अरुण चौधरी पर आरोप, रोहित गोदारा गैंग ने सोशल मीडिया पर किया समर्थन
फरीदाबाद जेल में AQIS से जुड़े संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या से सनसनी। गैंगस्टर अरुण चौधरी पर हत्या का आरोप, रोहित गोदारा गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दिया समर्थन। जानें वर्चस्व की लड़ाई और 2025 की गिरफ्तारी से जुड़ा पूरा मामला।
फरीदाबाद: आतंकी संगठन एक्यूआईएस (AQIS) से संपर्क और हथियार रखने के आरोप में पकड़े गए संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। हत्या का आरोप गैंगस्टर अरुण चौधरी पर है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज के बाद यह वारदात हुई। पुलिस के अनुसार अब्दुल रहमान हत्या, हत्या के प्रयास व रंगदारी जैसे मामलों में दर्ज करीब 8 एफआईआर में नामजद रहा है। वहीं गैंगस्टर अरुण चौधरी भी आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। बताया जा रहा है कि करीब तीन-चार दिन पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जो बाद में रंजिश में बदल गई।
जेल प्रशासन के एक अधिकारी के मुताबिक कुख्यात आरोपियों और संदिग्ध आतंकियों को सामान्य कैदियों से अलग रखा जाता है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम होते हैं। इसके बावजूद दोनों के बीच विवाद बढ़ा। करीब 20 दिन पहले अब्दुल रहमान, अरुण चौधरी व साहिल रियाज एक ही बैरक में बंद थे, जहां खुद को बड़ा बदमाश साबित करने को लेकर भी तनाव की बात सामने आई थी।
गैंगस्टर ने अरुण चौधरी का किया समर्थन
इसी बीच गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग ने अरुण चौधरी का समर्थन किया है। गैंग के सदस्य महेंद्र डेला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि देश के खिलाफ काम करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पोस्ट में अब्दुल रहमान को देशविरोधी गतिविधियों में शामिल बताया गया और अरुण चौधरी के कृत्य का समर्थन किया गया।
2 मार्च 2025 को हुआ था अब्दुल गिरफ्तार
जांच में सामने आया कि संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान को 2 मार्च 2025 को पाली इलाके से दो हैंड ग्रेनेड और डेटोनेटर के साथ गुजरात एटीएस व फरीदाबाद एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ दुजाना थाने में आर्म्स एक्ट व विस्फोटक पदार्थ अधिनियम सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ था। पूछताछ में यह भी सामने आया कि अब्दुल रहमान अलकायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) के संपर्क में था। उसने अपने आकाओं के कहने पर हथियार छिपाने और ठिकाने उपलब्ध कराने का काम किया। उसकी निशानदेही पर बांस रोड स्थित खेत के पास गड्ढा खोदकर दो हैंड ग्रेनेड व डेटोनेटर बरामद किए गए थे।
आरोपी अरुण चौधरी पर कई केस दर्ज
आरोपी अरुण चौधरी मूल रूप से जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर के गांव कोर देओनियां का रहने वाला बताया गया है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास सहित कई संगीन मामलों में कुल 8 एफआईआर दर्ज हैं, जिनमें 7 जम्मू-कश्मीर व 1 पंजाब में दर्ज बताई गई है। एक मामले में दिसंबर 2023 में आरएस पुरा निवासी अक्षय शर्मा हत्याकांड के बाद भी उसका नाम चर्चा में आया था।
चार्जशीट पेश, जमानत याचिका लंबित
अब्दुल रहमान के खिलाफ पुलिस चार्जशीट अदालत में पेश कर चुकी है। आरोपी के खिलाफ आरोप तय हो चुके हैं। दिसंबर 2025 में उसकी जमानत याचिका भी जिला अदालत में दायर की गई थी, जिस पर सुनवाई लंबित बताई जा रही है।