रोहतक में मनोज बागड़ी का हमला: बीजेपी और RSS पर संविधान बदलने का आरोप, 2029 में हरियाणा में कांग्रेस सरकार का दावा
रोहतक में कांग्रेस नेता मनोज बागड़ी ने 2029 में सरकार बनने का दावा किया व 26 नवंबर को संविधान रक्षा मार्च की घोषणा की। विधायक बतरा ने भी घेरा।
रोहतक: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव और राजस्थान के सह प्रभारी मनोज बागड़ी ने BJP को निशाने पर लिया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के सामने BJP कोई बड़ी चुनौती नहीं है। पार्टी नेता राहुल गांधी ईमानदारी से लोगों के बीच रहकर काम करते हैं। जो लोगों के बीच रहे, उसके लिए कोई चुनौती नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP और RSS का मुख्य एजेंडा संविधान को बदलने का है, लेकिन राहुल गांधी समेत अन्य पार्टी नेता लगातार संविधान को बचाने की बात करते हैं।
🎉 मनोज बागड़ी का स्वागत
मनोज बागड़ी रविवार को रोहतक में कांग्रेस भवन में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्हें हाल ही में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व राजस्थान के सह प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। ऐसे में कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा समेत अन्य पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, KC वेणुगोपाल सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने एक साधारण परिवार से आने वाले कार्यकर्ता को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी दी है। बागड़ी, पूर्व में हरियाणा कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
🗳️ हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी
मनोज बागड़ी ने कहा कि BJP ने देश व प्रदेश में वोट चोरी से सरकार बनाई है, जिसका खुलासा राहुल गांधी ने बार-बार किया है। लोगों को पता चल चुका है और आने वाला समय कांग्रेस का है। वर्ष 2029 में हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बनेगी। इसके अलावा उन्होंने मुफ्त राशन के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि फूड सिक्योरिटी का एक्ट तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के समय आया था जिसमें मनरेगा भी शामिल रहा लेकिन BJP का मुख्य एजेंडा तो गरीबों को 5 किलो राशन देकर वोट लेना है। जबकि जनता को राशन नहीं, शिक्षा व रोजगार चाहिए। जब शिक्षा व रोजगार मिलेगा तो खुद कमा सकते हैं।
🚩 राजस्थान में कांग्रेस के प्रदर्शन को बड़ी जीत बताया
उन्होंने बताया कि पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह व हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र हुड्डा के नेतृत्व में 26 नवंबर को पंचकूला में पार्टी की ओर से संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि संविधान की जब बात आती है तो सबसे पहले दलित के बारे में, अनुसूचित समाज के बारे में ही बात होती है। संविधान अनुसूचित जाति और दलित समाज के लोगों के लिए सबसे बड़ा मुद्दा है। मनोज बागड़ी ने कहा कि वह पहले महाराष्ट्र और हरियाणा में संगठन के लिए काम कर चुके हैं। अब राजस्थान में भी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने राजस्थान में हाल ही में हुए पंचायत चुनावों में कांग्रेस के प्रदर्शन को पार्टी की बड़ी जीत बताया।
📚 रोजगार और शिक्षा दे सरकार
इस मौके पर कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा ने BJP सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार देश में 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देने की बात करती है, जबकि हरियाणा में लाखों राशन कार्ड काटे जाने का मुद्दा सामने आया है। उन्होंने कहा कि गरीबों को सिर्फ पांच किलो राशन देने के बजाय रोजगार और शिक्षा के अवसर उपलब्ध करवाने चाहिए। उन्होंने रोहतक शहर की बदहाल सड़कों को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि शहर में जगह-जगह गड्ढे हैं और सड़कों की हालत चिंता का विषय बनी हुई है। इस मुद्दे को वह विधानसभा में उठाएंगे। SIR और वोट चोरी के आरोपों पर उन्होंने चुनाव आयोग से जवाब मांगा और कहा कि इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस जल्द ही विस्तृत प्रेस कॉन्फ्रेंस करेगी।