हरियाणा के किसान संगठनों ने बनाया ‘हरियाणा सांझा संघर्ष मोर्चा’: गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग तेज
हरियाणा के किसान संगठनों ने बनाया 'हरियाणा सांझा संघर्ष मोर्चा'; गन्ने का भाव 600 रुपये करने की मांग, 2 दिसंबर को CM आवास घेराव।
कैथल: हरियाणा के विभिन्न किसान संगठनों ने एकजुट होकर ‘हरियाणा सांझा संघर्ष मोर्चा’ का गठन किया। नीम साहब गुरुद्वारा, कैथल में प्रदेश के किसान संगठनों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करवाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को मिलकर और मजबूती से लड़ने का संकल्प लिया गया।
🤝 सर्वसम्मति से फैसला: शुगर मिलों को बंद रखने के आंदोलन में देंगे पूर्ण सहयोग
गुरनाम चढूनी ने कहा कि बैठक में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करवाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के सभी कार्यक्रमों में प्रदेश के किसान संगठन सामूहिक रूप से भाग लेंगे। इसके साथ ही प्रदेश की सभी शुगर मिलों को बंद रखने के आंदोलन में भी सभी संगठन अपना पूर्ण सहयोग देंगे।
✊ सामूहिक ताकत से लड़ी जाएगी लड़ाई: 2 दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास का घेराव
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 2 दिसंबर को मुख्यमंत्री आवास के घेराव के कार्यक्रम में हरियाणा के सभी किसान संगठन बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे। इसके अतिरिक्त भविष्य में किसानों के हितों से जुड़े सभी संघर्ष और आंदोलन हरियाणा सांझा संघर्ष मोर्चा के बैनर तले पूरी एकजुटता के साथ लड़े जाएंगे।
किसान नेताओं ने कहा कि किसानों की समस्याओं और मांगों को मजबूती से उठाने के लिए किसान संगठनों की एकता समय की जरूरत है। अलग-अलग संगठन होने के बावजूद किसानों के हित सर्वोपरि हैं। अब किसानों की लड़ाई आपसी एकजुटता और सामूहिक ताकत के साथ लड़ी जाएगी।