हरियाणा के सरकारी स्कूलों के निरीक्षण पर सख्ती: अधिकारियों की ACR से जुड़ेगी स्कूल विजिट

हरियाणा के सरकारी स्कूलों की विजिट जुड़ेगी अधिकारियों की ACR से; साल में कम से कम 3 दौरे अनिवार्य, बढ़ेगी जवाबदेही।

चंडीगढ़: हरियाणा के सरकारी स्कूलों में शैक्षणिक गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति सुधारने के लिए अब प्रशासनिक अधिकारियों की स्कूल विजिट को उनकी वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (ACR) से जोड़ा जाएगा। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने क्लास-I और क्लास-II अधिकारियों की ACR में स्कूल विजिट और निरीक्षण के लिए विशेष कॉलम जोड़ने के निर्देश दिए हैं।

📚 शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने की पहल

मुख्य सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों और सभी उपायुक्तों के साथ ‘स्कूल अडॉप्शन’ पहल तथा मासिक स्कूल विजिट की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की स्कूल विजिट महज औपचारिक निरीक्षण तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्हें विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद कर स्कूल के शैक्षणिक माहौल, उपलब्ध सुविधाओं और संसाधनों के उपयोग की वास्तविक स्थिति का आकलन करना होगा।

📝 अधिकारियों के परफॉर्मंस का होगा निर्धारण

अब ACR में जोड़े जाने वाले विशेष कॉलम में अधिकारी द्वारा गोद लिए गए स्कूल का नाम, वहां किए गए दौरों की संख्या और निरीक्षण के दौरान की गई समीक्षा का विवरण दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा अधिकारियों को अपनी वार्षिक स्व-मूल्यांकन रिपोर्ट के साथ स्कूल निरीक्षण रिपोर्ट भी संलग्न करनी होगी। मुख्य सचिव ने सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने को कहा है।

🛠️ समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई पर जोर

मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूलों में शिक्षण गतिविधियों की स्थिति, विद्यार्थियों और शिक्षकों की समस्याओं, उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग की समीक्षा की जाए। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों और सुझावों को निर्धारित प्रारूप में दर्ज किया जाए, ताकि उनके आधार पर समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके।

📊 गोद लिए गए स्कूलों का निरीक्षण

स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव विजय दहिया ने बताया कि अधिकारियों को अपने द्वारा गोद लिए गए स्कूलों का साल में कम से कम तीन बार दौरा करना होगा और निरीक्षण रिपोर्ट निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। उन्होंने कहा कि ACR में निरीक्षण का विवरण शामिल होने से अधिकारियों की जवाबदेही बढ़ेगी और स्कूलों में वास्तविक सुधार की निगरानी भी प्रभावी तरीके से हो सकेगी।

सरकार को नई व्यवस्था से सरकारी स्कूलों में उपलब्ध सुविधाओं, शिक्षण व्यवस्था और संसाधनों के उपयोग की नियमित निगरानी सुनिश्चित होने की उम्मीद है। साथ ही, स्कूल स्तर पर सामने आने वाली कमियों की पहचान कर उनके समाधान के लिए समय पर कार्रवाई का रास्ता भी साफ होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.