सौरभ दास की विदेश उड़ान पर रोक: चेन्नई RPO ने जारी किया कारण बताओ नोटिस, 30 नवंबर तक मांगा जवाब

सौरभ दास के पासपोर्ट वेरिफिकेशन को लेकर चेन्नई RPO का नोटिस; 30 नवंबर तक दस्तावेजों के साथ जवाब देने का मौका।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक सौरभ दास की ‘उड़ान’ पर लगी रोक की वजह से नया विवाद खड़ा हो गया है। CJP के नेता जहां सरकार पर परेशान करने का आरोप लगा रहे हैं तो वहीं इसके पीछे सौरभ दास के दस्तावेजों में कुछ खामियों की बात सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, सौरभ दास के पहचान पत्र, पासपोर्ट और बर्थ सर्टिफिकेट जैसे दस्तावेजों में कुछ जानकारियों में अंतर बताते हुए कुछ शिकायतें की गईं हैं, जिसकी वजह से चेन्नई रीजनल पासपोर्ट ऑफिस (RPO) ने वेरिफिकेशन की प्रक्रिया शुरू किया है। जब तक इस मामले का निपटारा नहीं कर दिया जाता है तब तक वह विदेश की यात्रा नहीं कर पाएंगे।

गौरतलब है कि पासपोर्ट जारी करने से पहले या बाद में (तत्काल पासपोर्ट के मामले में) पुलिस वेरिफिकेशन की जाती है। लेकिन यदि बाद में भी यदि कोई गलत जानकारी या विसंगति की बात सामने आती है तो RPO से कारण बताओ नोटिस जारी करके दोबारा वेरिफिकेशन कराया जा सकता है। पासपोर्टधारी को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए पूछा जाता है कि क्यों ना आपके पासपोर्ट को जब्त कर लिया जाए। उन्हें दोबारा दस्तावेजों के साथ अपनी बात रखनी होती है और यदि इससे सबकुछ सही होने की पुष्टि नहीं होती है तो पासपोर्ट जब्त किया जा सकता है।

📋 सौरभ दास को अब क्या साबित करना है?

इस मामले में भी ऐसा ही हुआ है। सौरभ दास को लेकर कुछ शिकायतें मिलने के बाद एक नोटिस CJP नेता को सोमवार शाम को भेजा गया था। इसमें उन्हें सात दिन के भीतर दस्तावेजों के साथ यह साबित करने को कहा गया है कि जो ‘जन्मस्थान’ उन्होंने पहले बताया था वह वास्तविक है। उन्हें दस्तावेजों के साथ अपने ब्यौरों को सही साबित करने को कहा गया है यदि दास ऐसा नहीं कर पाते हैं तो पासपोर्ट ऐक्ट 1967 की धारा 10 (b) के तहत इसे जब्त किया जा सकता है। नोटिस में उन्हें कहा गया है कि जब तक जवाब नहीं दाखिल कर देते पासपोर्ट का इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं।

🛫 पहले ही आ गई थी सूचना, क्यों गए एयरपोर्ट?

ऐसे में सवाल उठता है कि यदि शाम को ही सौरभ दास को नोटिस ईमेल पर मिल गया था तो वह देर रात एयरपोर्ट पर क्यों पहुंचे? जहां कुछ आलोचकों का कहना है कि विक्टिम कार्ड खेलने के लिए सौरभ दास एयरपोर्ट गए और वहां जाकर वीडियो बनाया। वहीं, CJP नेता ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वह एयरपोर्ट के लिए निकल गए थे और इसलिए ईमेल नहीं देख पाए थे। उन्हें एयरपोर्ट पर ही पासपोर्ट फ्लैग किए जाने की जानकारी दी गई और ईमेल चेक करने को कहा गया।

⏳ 30 नवंबर तक का है मौका

सौरभ दास के पास जवाब देने के लिए 30 नवंबर तक का समय है। उन्हें दस्तावेजों के साथ RPO में अपना जवाब दाखिल करना होगा और यह साबित करना होगा कि उनकी ओर से 2019 में दी गईं सभी जानकारियां सही थीं। यदि वह ऐसा कर पाते हैं तो दोबारा अपने पासपोर्ट के जरिए उड़ान भर पाएंगे। सूत्रों के मुताबिक हाल के समय में दास की जन्मतिथि, जन्म स्थान, पता, पिता के नाम आदि को लेकर कई शिकायतें की गईं हैं। दावा किया गया है कि पहचान पत्र, पासपोर्ट और स्कूल सर्टिफिकेट में उनके ब्योरों में अंतर है। हाल ही में एक PIL भी मद्रास हाई कोर्ट में दायर की गई है और सौरभ दास की नागरिकता की जांच की मांग उठाई गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.