नोएडा पार्ट-3 की तैयारी तेज: खेकड़ा-बागपत में एक्सप्रेसवे किनारे बसेगा नया औद्योगिक क्षेत्र, शुरू हुआ सर्वे
नोएडा पार्ट-3 के लिए खेकड़ा-बागपत में सर्वे शुरू; नए नोएडा व ग्रेटर नोएडा फेज-2 के मास्टर प्लान 2041 पर भी तेज हुई प्रक्रिया।
नोएडा: प्राधिकरण ने NCR में एक और औद्योगिक क्षेत्र बसाने की कवायद तेज कर दी है। नोएडा पार्ट तीन के तहत खेकड़ा-बागपत के इलाके में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के किनारे इसको विकसित किया जाना है। प्राधिकरण इसके लिए सर्वेक्षण करा रहा है। इसकी रिपोर्ट आने के बाद विस्तृत प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा जाएगा। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद परियोजना पर काम तेज किया जाएगा।
नए नोएडा के रूप में नोएडा पार्ट दो को विकसित करने के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया बुलंदशहर जिले में शुरू हो चुकी है और इसके लिए अधिकारियों की तैनाती करने के साथ ही बजट भी जारी किया जा रहा है। इसके बाद अब नोएडा पार्ट तीन की भी तैयारी शुरू हो गई है। इस बार नए नोएडा का विस्तार बागपत जिले की खेकड़ा और बागपत तहसील क्षेत्र में करने की योजना है।
प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर इसके लिए सर्वेक्षण शुरू हो चुका है। यह विस्तार दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के किनारे खेकड़ा और बागपत में सड़कों के दोनों ओर किया जाएगा, जहां पर नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना है। सर्वेक्षण रिपोर्ट आने के बाद शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। प्राधिकरण का मानना है कि यह इलाका दिल्ली के अधिक नजदीक है और एक्सप्रेसवे से सटा होने के कारण यहां पर विकास की अधिक संभावना है। वर्तमान में यहां पर अवैध निर्माण अधिक हो रहे हैं, जिन्हें रोककर वहां पर सुनियोजित विकास करना आवश्यक है।
🏛️ जिले में तीन प्राधिकरण
नोएडा की स्थापना 17 अप्रैल साल 1976 को हुई थी। जिले में 28 जनवरी 1991 को ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण बनाया गया। 24 अप्रैल 2001 को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण का गठन किया गया।
📋 नए नोएडा के लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी तय
गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद और बुलंदशहर जिले के 80 गांवों की जमीन को अधिग्रहित कर नए नोएडा को विकसित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसको दादरी-नोएडा-गाजियाबाद से जोड़कर विशेष निवेश क्षेत्र (DNGIR) का नाम दिया गया है। नए नोएडा के लिए वर्क सर्किल-11, 12 और 14 का गठन हुआ है। अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई। नए नोएडा के अलग-अलग गांवों के करीब 250 किसान जमीन देने के लिए लिखित में प्राधिकरण को सहमति दे चुके हैं। इन किसानों की करीब 250 हेक्टेयर जमीन है। अधिक से अधिक किसानों से जमीन लेने के लिए प्राधिकरण ने दीवाली से पहले एक गांव में शिविर लगाया था। अब अलग-अलग गांवों में दोबारा से शिविर लगाने के साथ-साथ जमीन देने वाले किसानों से बैनामा भी शुरू कराने की तैयारी है।
🏙️ नया ग्रेटर नोएडा भी बसेगा
नया ग्रेटर नोएडा यानी ग्रेटर नोएडा फेज दो के मास्टर प्लान 2041 को भी शासन से मंजूरी मिल गई है और इसको भी विकसित करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। फेज दो में 140 नए गांवों को जोड़कर उनकी जमीनों का अधिग्रहण किया जाएगा। इन गांवों के आने के साथ ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र के गांवों की संख्या 257 हो जाएगी। फेज-दो में गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, बुलंदशहर और गाजियाबाद के 140 गांव शामिल किए गए हैं। 2041 तक ग्रेटर नोएडा की जनसंख्या 40 लाख होने का अनुमान है। इस आंकड़े को ध्यान में रखकर शहर को विकसित किया जाएगा।
🌾 पहले दो चरणों में इन गांवों की जमीन अधिग्रहीत होगी
-
दादरी के नौ गांव: बेरंगपुर उर्फ नई बस्ती, फूलपुर, बील अकबरपुर (पार्ट), आनन्दपुर, खन्डेरा गिरिजापुर, कोट, मिल्क खन्डेरा, नगला नैनसुख और नगला चमरू।
-
बुलंदशहर जिले के 23 गांव: दयानगर, सैथली, नेकरामपुर उर्फ विशनपुर, राजारामपुर, रायपुर खुर्द, मुरादाबाद (पार्ट), सेनवली, सिखैरा (पार्ट), सब्दलपुर (पार्ट), शाहपुर कलान, नैथला हसनपुर, किशनपुर, गोपालपुर, जोखाबाद, कनवारा, हृदयपुर, लुहाकर (पार्ट), कैथरा (पार्ट), कौन्दू, चोला, धीमरी अदलपुर (पार्ट), बिरौन्दी तेजपुर (पार्ट), बिरौंदी फौलादपुर (पार्ट)।
💼 फैक्टरियां स्थापित होने से रोजगार बढ़ेगा
नए नोएडा का मास्टर प्लान 2041 शासन से पास हो चुका है। इस शहर को 21 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बसाया जाएगा। नए शहर में 8811 हेक्टेयर क्षेत्रफल उद्योग लगाने के लिए निर्धारित किया गया है। यहां स्थापित होने वाली फैक्टरियों से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इसके साथ ही 2477 हेक्टेयर रेजिडेंशियल, 905.97 हेक्टेयर कॉमर्शियल, 198.85 क्षेत्रफल यूटिलिटी के लिए होगी। माना जा रहा है कि इस शहर की कुल आबादी छह लाख होगी। शहर में लोगों के रहने के लिए चार कैटेगरी और तीन टाइप के मकान बनाए जाएंगे। इसमें EWS, LIG, MIG और HIG फ्लैट होंगे।