गाजियाबाद में धीमे जहर की साजिश में पत्नी गिरफ्तार: छह करोड़ की संपत्ति और दो करोड़ की पॉलिसी पर थी नजर
गाजियाबाद में संपत्ति व पॉलिसी हड़पने के लिए पति, बेटे व भांजे को धीमा जहर (सीसा) देने के आरोप में पत्नी गिरफ्तार; प्रेमी व परिजन फरार।
पति को धीमा जहर (सीसा) देने के आरोप में गिरफ्तार महिला की नजर पति की करोड़ों की संपत्ति पर थी। मां, भाई और बहनोई के अलावा उसके षड्यंत्र में दूसरे धर्म का एक युवक भी शामिल था। इस युवक से महिला के संबंध थे। इंदिरापुरम पुलिस मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बाकी को तलाश कर रही है।
गाजियाबाद के वसुंधरा में रहने वाले सुशील भटनागर की ट्रांसपोर्ट फर्म है, जिसमें छह करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है। सुशील की करीब 18 साल पहले रेणु से शादी हुई थी। उनका 16 साल का बेटा वंश, 13 साल की बेटी है। सुशील का 20 साल का भांजा देव भी उनके साथ ही रहता है। सुशील ने दो माह पहले इंदिरापुरम थाने में पत्नी रेणु, उसकी मां लता, भाई रवि सक्सेना, रेणु के बहनोई सुशील गिरधर और बब्लू नाम के व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उनका आरोप था कि पत्नी लंबे समय से उन्हें खाने में धीमा जहर दे रही थी, जिसके चलते तबीयत बिगड़ी।
☠️ घर वालों और प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश
अस्पताल में भर्ती कराने के बाद जांच में डॉक्टरों ने बताया कि उन्हें सीसा दिया जा रहा है। आरोप लगाया कि उनके बेटे और भांजे को भी पत्नी जहर दे रही थी। उन दोनों की भी खून की जांच में इसकी पुष्टि हुई है। पुलिस ने सोमवार शाम रेणु को दिल्ली के झिलमिल में रहने वाली उसकी बहन के घर से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में रेणु ने बताया कि परिवार से उसे लगाव नहीं था। पति की करीब छह करोड़ रुपये की संपत्ति, घर और दो करोड़ रुपये की पॉलिसी पर उसकी नजर थी। इसीलिए उसने अपने घर वालों और प्रेमी के साथ मिलकर साजिश रची और जहर देना शुरू कर दिया। पहले पति की मौत होती और फिर कुछ दिन बाद बेटा और साथ में रहने वाला भांजा भी रास्ते से हट जाता। इसके बाद वह अपने प्रेमी और परिवार के साथ पूरी संपत्ति की मालकिन होती।
🏥 अस्पताल में छोड़कर मायके चली गई आरोपी
सुशील का कहना है कि करीब दो साल से पत्नी का व्यवहार बदला था। शुरुआत में बेटी और बेटे ने बताया कि मां खाने के ऊपर कुछ छिड़कती है, तो उन्हें यकीन नहीं हुआ। मगर जब तबीयत खराब हुई और शुरुआती जांच में पुष्टि हुई तो शक हुआ। करीब एक साल पहले उनकी तबीयत बहुत ज्यादा खराब हुई और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां और भी जांच हुईं और डॉक्टरों ने दोबारा बताया कि खून में जहर काफी अधिक पाया गया है। इसका पता चलने पर पत्नी उन्हें अस्पताल में ही छोड़कर मायके चली गई।
👮 फरार हो गए अन्य आरोपी; तलाश में दबिश
पुलिस की जांच में सुशील के लगाए सभी आरोप सही साबित हुए। पुलिस ने उनके साथ बेटे और भांजे की भी ब्लड रिपोर्ट निकलवाईं। पीड़ित के अलावा उनकी बेटी, बेटे और भांजे के बयान दर्ज किए। आरोपी के मोबाइल नंबर की डिटेल्स के आधार पर लोकेशन खंगाली। पुलिस टीम पहुंची तो वहां सिर्फ रेणु मिली, जबकि सूचना यह थी कि यहां रेणु की मां और भाई भी हैं। बाकी सभी फरार हो गए। पुलिस अब बब्लू समेत अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
🔮 टोना-टोटका करता है दूसरे धर्म का आरोपी प्रेमी
सुशील ने बताया कि रेणु का मायका मेरठ में है। करीब दो साल पहले पत्नी मायके में लंबे समय तक रही थी। इस दौरान उसके बब्लू से संबंध हुए, जो मायके के पड़ोस में ही रहता है। आरोपी धर्म छिपाने के लिए अपना नाम सभी को बब्लू ही बताता है। आरोप है कि वह टोना-टोटका करता है। आरोपी गाजियाबाद आकर घर के बाहर पत्नी से मिलता था।
🕯️ एक बहनोई की संदिग्ध हालात में मौत हो चुकी
सुशील ने रेणु के एक बहनोई पर साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दूसरे बहनोई की मौत हो चुकी है। आरोप है कि बहनोई की भी संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। आशंका है कि उन्हें भी सीसा दिया जा रहा था।