आपातकाल, 42वें संशोधन और धारा 356 पर विपक्ष को घेरा, बोले- दोहराया न जाए वह दौर

चंडीगढ़ में संविधान दिवस विशेष सत्र के दौरान मंत्री अनिल विज ने लोकतंत्र, आपातकाल, डॉ. अंबेडकर के सम्मान और हरियाणा के विकास पर रखे विचार।

चंडीगढ़: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने संविधान दिवस के अवसर पर कहा कि भारतीय संविधान की मूल भावना ‘हम भारत के लोग‘ में निहित है और लोकतंत्र में सर्वोच्च शक्ति जनता के हाथों में है। उन्होंने संविधान दिवस मनाने की पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह दिन हमें संविधान में निहित मूल्यों, नागरिकों के अधिकारों और कर्तव्यों पर चिंतन करने का अवसर प्रदान करता है।

विज ने कहा कि अनेक धर्मों, जातियों, भाषाओं और संस्कृतियों वाला भारत अपनी विविधताओं के बावजूद एकजुट है और ‘अनेकता में एकता‘ ही हमारी सबसे बड़ी विशेषता है। संविधान ने देश की एकता, अखंडता और समानता को मजबूत आधार दिया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा की विकास यात्रा भी प्रदेश के मेहनतकश किसानों, प्रतिभाशाली युवाओं, शिक्षकों और प्रभावी शासन व्यवस्था के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। विज आज चंडीगढ़ में हरियाणा विधानसभा में संविधान समर्पित विशेष सत्र में बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि 26 नवंबर, 1949 को देश ने संविधान अंगीकार किया था। उन्होंने संविधान दिवस मनाने की पहल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। इस दिन का उद्देश्य संविधान के प्रति हमारी भावनाओं, उसमें निहित मूल्यों तथा नागरिकों को मिले अधिकारों और कर्तव्यों पर विचार करना है।

विज ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। भारत की विशेषता केवल इसकी विशाल जनसंख्या नहीं, बल्कि इसकी विविधता भी है। यहां अनेक धर्मों, जातियों, भाषाओं और क्षेत्रों के लोग रहते हैं। इतनी विविधताओं के बावजूद अनेकता में एकता ही भारत की सबसे बड़ी पहचान है। इसी एकता को बनाए रखने, देश को एक मजबूत कानूनी और लोकतांत्रिक ढांचे में बांधने तथा सभी नागरिकों को समान अवसर देने के उद्देश्य से संविधान की रचना की गई। संविधान ने यह सुनिश्चित किया कि देश एकजुट रहे, मजबूत बने और निरंतर प्रगति करे।

📜 ‘हम भारत के लोग’-संविधान की आत्मा: विज

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि संविधान की प्रस्तावना के शुरुआती शब्द ‘हम भारत के लोग‘ ही इसकी मूल भावना को सबसे प्रभावशाली ढंग से व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लोकतंत्र में कोई भी व्यक्ति जनता से बड़ा नहीं है-न प्रधानमंत्री, न मुख्यमंत्री और न ही कोई मंत्री।

जनप्रतिनिधियों और सरकारों को जो शक्ति/ताकत प्राप्त होती है, उसका स्रोत जनता है। जनता से प्राप्त जनादेश के आधार पर ही नीतियां बनती हैं और सरकारें संचालित होती हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई सरकार जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप काम नहीं करती, तो जनता लोकतांत्रिक प्रक्रिया के माध्यम से उसे बदल भी देती है। संविधान ने सत्ता किसी एक व्यक्ति के हाथ में नहीं दी, बल्कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के हाथ में निहित की है।

⚖️ विज ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा पर दिया जोर

विज ने कहा कि संविधान दिवस केवल उपलब्धियों को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि यह आत्मचिंतन करने का दिन भी है कि अतीत में संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ जो कुछ हुआ, उसकी पुनरावृत्ति कभी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने वर्ष 1975 में लगाए गए आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौरान नागरिकों के अधिकारों पर प्रतिबंध लगाए गए, प्रेस पर सेंसरशिप लगाई गई और विपक्षी दलों के नेताओं तथा कार्यकर्ताओं को जेलों में बंद किया गया। उन्होंने कहा कि उस दौर में लोगों के लिए अपनी बात रखना भी कठिन हो गया था और सांसों पर पहरा लगा दिया गया था। विज ने कहा कि तत्कालीन सरकार ने अपने राजनीतिक हितों के अनुरूप संविधान में संशोधन किए और लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित किया।

उन्होंने संविधान के 42वें संशोधन की बात करते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने विशेष सत्र बुलाकर इसी संशोधन के माध्यम से संविधान की प्रस्तावना में ‘समाजवाद‘ और ‘धर्मनिरपेक्ष‘ शब्द जोड़े गए, जोकि ओरिजनली नहीं थे, जबकि ऐसे समय में यह विशेष सत्र बुलाया गया जब लोग स्वतंत्र रूप से सांस भी नहीं ले सकते थे।

उन्होंने कहा कि हमने वह समय देखा है इसलिए दुख होता है और आंसू आते हैं। उन्होंने कहा कि संविधान में समानता और धार्मिक स्वतंत्रता से जुड़े अधिकार पहले से ही अनुच्छेद 14, 15, व 24, 25 और अन्य प्रावधानों के माध्यम से सुनिश्चित किए गए थे।

उन्होंने विपक्ष को आईना दिखाते हुए कहा कि यह संविधान की बात करते हैं जबकि 90 बार धारा 356 लगाकर देश में चुनी हुई सरकारों को भंग/खत्म करने का काम इनके कार्यकाल में किया गया था। उन्होंने यह भी कहा कि उस समय चुनाव प्रक्रिया में भी संशोधन किए गए और जिस सरकारी अधिकारी ने इंदिरा गांधी के चुनाव का नाम लिया उस बाबत भी संशोधन किए गए।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज संविधान को खतरे में बताने वाले लोग ही यह बताएं कि संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को वास्तविक नुकसान किसने पहुंचाया। उन्होंने कहा कि देश ने वह दौर भी देखा है, जब आपातकाल के दौरान लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन हुआ, नागरिकों की आवाज दबाई गई और संविधान की मूल भावना को आहत किया गया।

उन्होंने कहा कि “आज कुछ लोग हाथों में लाल किताब लेकर घूमते हैं और संविधान की रक्षा की बात करते हैं, लेकिन देश यह भी जानना चाहता है कि संविधान को लहूलुहान किसने किया और लोकतंत्र की लक्ष्मण रेखा का उल्लंघन किसने किया। आपातकाल के दौरान राजनीतिक पार्टियों के लोगों को झूठे केसों में जेलों में डाल दिया गया और डेढ़ लाख से अधिक लोगों को तब जेलों में डाला गया।

उन्होंने कहा कि संविधान दिवस हमें केवल संविधान की बातें करने का नहीं, बल्कि उसके साथ हुए अतीत के खिलवाड़ को याद रखने और यह संकल्प लेने का अवसर देता है कि हम मर जाएंगे और मिट जाएंगे लेकिन ऐसा समय देश में दोबारा कभी नहीं आना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

🙏 विज ने डॉ. अंबेडकर के योगदान को किया याद

ऊर्जा मंत्री ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद करते हुए कहा कि जिस महापुरुष के बनाए संविधान के आधार पर आज देश की संसद और विधानसभाएं संचालित हो रही हैं, उनके सम्मान में भी लंबे समय तक अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर को भारत रत्न वर्ष भारतीय जनता पार्टी समर्थित सरकार ने दिया और यह उनके निधन के कई दशक बाद प्रदान किया गया और संसद भवन में उनका चित्र भी काफी बाद में लगाया गया।

विज ने नेता प्रतिपक्ष को याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस के कई नेता इसी विधानसभा में मुख्यमंत्री रहे, लेकिन बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का कार्य भाजपा के मुख्यमंत्री रहते हुए मनोहर लाल ने किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1966 में हरियाणा के गठन के बाद कांग्रेस के कई मुख्यमंत्री हुए और वे सभी इसी विधानसभा का हिस्सा रहे, लेकिन किसी ने भी विधानसभा परिसर में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने की पहल नहीं की।

विज ने सवाल उठाते हुए कहा कि आज संविधान और बाबा साहेब के सम्मान की बात करने वाले लोग बताएं कि उन्हें अपने कार्यकाल में यह कार्य करने से किसने रोका था। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता और उनके विचारों का सम्मान केवल शब्दों से नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपनाकर और संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करके किया जाना चाहिए।

🌾 हरियाणा की प्रगति में किसानों, युवाओं और शिक्षकों का अहम योगदान

हरियाणा की हीरक जयंती और प्रदेश की विकास यात्रा का उल्लेख करते हुए विज ने कहा कि पंजाब से अलग होकर 1 नवंबर, 1966 को हरियाणा के गठन के बाद प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि इस विकास का श्रेय प्रदेश के मेहनतकश किसानों, युवाओं, शिक्षकों, प्राध्यापकों और प्रदेश की कार्यप्रणाली एवं शासन व्यवस्था को जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की तरक्की किसी एक व्यक्ति या वर्ग का प्रयास नहीं, बल्कि प्रदेश के सभी लोगों की सामूहिक मेहनत का परिणाम है।

विज ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का निरंतर प्रयास रहता है कि हरियाणा को हर क्षेत्र में आगे ले जाने के लिए धुन सवार रहती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार और उसके सभी सहयोगी हरियाणा को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.