रॉयटर्स रिपोर्ट में बड़ा दावा, तेल उत्पादन और कीमतों पर बदल सकता है समीकरण

अमेरिका के दबाव में वेनेजुएला और इराक भी छोड़ सकते हैं ओपेक; संगठन को बचाने में जुटे सऊदी प्रिंस सलमान, कच्चे तेल के दामों पर संभावित असर।

संयुक्त अरब अमीरात के बाद अब ओपेक से वेनेजुएला और इराक बाहर हो सकता है। अमेरिका ने दोनों देशों से इसे छोड़ने के लिए कहा है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने सूत्रों के हवाले से यह रिपोर्ट की है। रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के कहने पर वेनेजुएला ने इस साल ओपेक की सालाना फीस भी जमा नहीं की है।

ओपेक तेल उत्पादन करने वाले देशों का एक संगठन है। ओपेक ही कच्चे तेल के उत्पादन और बेचने को लेकर नियम तैयार करता है। इस संगठन में वेनेजुएला, ईरान, सऊदी, इराक जैसे देश हैं। इसी साल यूएई ने इससे अलग होने का फैसला किया था।

🛢️ ओपेक को क्यों खत्म करना चाहता है अमेरिका?
  1. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि तेल के जो दाम बढ़ रहे हैं, उसकी एक वजह ओपेक है। ट्रंप के मुताबिक ओपेक कंट्री जानबूझकर तेल के दामों को उच्च बनाए रखती है, जो गैर-जरूरी है।

  2. अमेरिका चाहता है कि इराक, वेनेजुएला जैसे देश तेल के उत्पादन को बढ़ाए, लेकिन ओपेक में शामिल होने के कारण ऐसा संभव नहीं है। अब अमेरिका ने इन देशों को ओपेक छोड़ने के लिए कहा है।

🤝 सऊदी ने ओपेक बचाने के लिए झोंकी ताकत

दूसरी तरफ सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान इस पूरे मामले में खुद एक्टिव हो गए हैं। उन्होंने इस संगठन को बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। रिपोर्ट के मुताबिक सलमान ने इसको लेकर राष्ट्रपति ट्रंप से भी बात की।

वहीं ओपेक की कोशिश तेल उत्पादन के कोटा को बढ़ाने की भी है। हालांकि, अमेरिका ने इराक को धमकी दी है कि अगर उसकी बातों पर अमल नहीं किया जाता है तो उसके तेल से होने वाली कमाई को वाशिंगटन रोक सकता है।

📉 ओपेक का टूटना किसके लिए नुकसानदेह?

सितंबर 1960 में इराक, ईरान, कुवैत, वेनेजुएला और सऊदी अरब ने ओपेक की स्थापना की थी। बाद में यूएई और रूस जैसे देशों को ओपेक प्लस के तहत जोड़ा गया। 2017 में ओपेक की बैठक में तेल उत्पादन का कोटा तय किया गया था।

इसके मुताबिक सऊदी को सबसे ज्यादा तेल उत्पादन का कोटा 10 मिलियन बैरल प्रति दिन दिया गया। इसी तरह इराक को प्रतिदिन 4.43 मिलियन बैरल तेल उत्पादन का कोटा मिला। अगर ओपेक पूरी तरह से टूटता है तो इसका सबसे ज्यादा नुकसान सऊदी अरब और कुवैत को होगा।

वहीं ओपेक के टूटने से तेल का उत्पादन बढ़ेगा और उसके दामों में गिरावट आ सकती है। तेल के दामों को लेकर विविधता भी आएगी, यानी एक जगह तेल के दाम तय नहीं होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.