कचरा जलाने व अवैध मलबा डंपिंग पर लगेगी रोक, पटौदी-फर्रुखनगर व सोहना में बनेंगे कलेक्शन सेंटर

गुरुग्राम में वायु प्रदूषण रोकथाम को एनुअल एक्शन प्लान-2027 के निर्देश; निगमायुक्त डॉ. पंकज ने दिए धूल नियंत्रण, कचरा जलाने व अवैध डंपिंग रोकने के आदेश।

गुरुग्राम। वायु प्रदूषण की रोकथाम और पर्यावरण संरक्षण के लिए नगर निगम गुरुग्राम (MCG) ने विभिन्न विभागों के साथ समन्वित प्रयास तेज करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने शुक्रवार को निगम कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में एनुअल एक्शन प्लान-2027 तैयार करने तथा उसके निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में NHAI, GMDA, HSVP, MCG, HSIIDC, PWD और पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

निगमायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीन आने वाली सड़कों का निर्माण और रखरखाव CAQM फ्रेमवर्क के तहत सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सड़क, फुटपाथ, सेंट्रल वर्ज और ग्रीन बेल्ट में कहीं भी ब्राउन पैच अर्थात खाली मिट्टी वाले हिस्से दिखाई नहीं देने चाहिए। इसके लिए एंड-टू-एंड पेविंग के साथ-साथ आवश्यक स्थानों पर हरियाली और घास विकसित की जाए, ताकि धूल उड़ने की संभावना कम हो और सड़क किनारे के क्षेत्र व्यवस्थित एवं सुंदर बनें।

उन्होंने फुटपाथों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निर्माण कार्य टिकाऊ और निर्धारित मानकों के अनुरूप होना चाहिए। कर्व स्टोन सही तरीके से लगाए जाएं, ताकि वे बार-बार क्षतिग्रस्त न हों और नागरिकों को बेहतर पैदल यात्री सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पर्यावरण संरक्षण दोनों को प्राथमिकता दी जाए तथा CAQM के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए।

🔥 कचरा जलाने की घटनाओं पर रहेगी कड़ी निगरानी

निगमायुक्त ने सर्दी के मौसम में कचरा, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट जलाने की घटनाओं पर गंभीरता से रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं की नियमित निगरानी की जाए, उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई हो और किसी भी स्थान पर आग लगने की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं। उन्होंने पुलिस विभाग से भी इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया। उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रदूषण नियंत्रण से संबंधित गतिविधियों की प्रभावी निगरानी दिन के साथ-साथ रात के समय भी होनी चाहिए। MCG क्षेत्र में संबंधित संयुक्त आयुक्त स्वयं मौके पर जाकर स्वीपिंग मशीनों, डस्ट फ्री अभियान और एंटी स्मॉग गन के संचालन एवं कार्यप्रणाली की जांच करें, ताकि इन उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

🚧 अवैध C&D वेस्ट डंपिंग पर लगेगी रोक

बैठक में निर्माण एवं विध्वंस (C&D) वेस्ट के उचित प्रबंधन पर भी विशेष चर्चा हुई। निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर C&D वेस्ट की अवैध डंपिंग पर प्रभावी रोक लगाई जाए। पटौदी, फर्रुखनगर और सोहना क्षेत्रों में भी C&D वेस्ट कलेक्शन सेंटर स्थापित करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि निर्माण व तोड़फोड़ मलबे का उचित संग्रहण और निस्तारण सुनिश्चित हो सके। उन्होंने सड़क किनारों और ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों में रखे गए DG सेट के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही NHAI अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों और सर्विस लेन की मशीनों से नियमित सफाई करवाने तथा ग्रीन बेल्ट क्षेत्रों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि ग्रीन बेल्ट को कवर करें, ताकि वहां कचरा और मलबा न डाला जा सके।

🚦 आधुनिक यातायात और आधारभूत सुविधाओं पर भी जोर

निगमायुक्त ने वायु प्रदूषण नियंत्रण और शहरी यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कई महत्वपूर्ण कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। इनमें एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित करना, पार्किंग सुविधाओं का विस्तार, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन विकसित करना, रोड डी-कंजेशन तथा स्मार्ट ट्रैफिक लाइट से जुड़े कार्य शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इन सभी कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात का दबाव कम करने, वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिल सके।

🏭 उद्योग विहार की सड़कों को दुरुस्त करने के निर्देश

निगमायुक्त डॉ. पंकज ने HSIIDC के अधिकारियों को उद्योग विहार क्षेत्र की सड़कों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में भी सड़कें बेहतर स्थिति में हों और सफाई एवं रखरखाव के कार्य नियमित रूप से किए जाएं। बैठक में निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा। सड़क निर्माण में गुणवत्ता, धूल नियंत्रण, कचरा जलाने पर रोक, C&D वेस्ट का उचित प्रबंधन, हरियाली का संरक्षण और यातायात व्यवस्था में सुधार जैसे सभी पहलुओं पर एक साथ काम करना आवश्यक है। नगर निगम गुरुग्राम का प्रयास है कि सभी विभागों के आपसी समन्वय, नियमित निगरानी और निर्धारित लक्ष्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन से गुरुग्राम को स्वच्छ, हरित और प्रदूषण मुक्त शहर बनाने की दिशा में ठोस प्रगति सुनिश्चित की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.